Today Breaking News

मऊ में सुभासपा और सपा की राजनैतिक दोस्ती का सजा मंच, प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं की जुटान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर आज बुधवार को रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर (ढ़ोलवन) सुभासपा व सपा की मित्रता का गवाह बन रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के किनारे स्थित मैदान में आयोजित जनसभा की तैयारियां लगभग एक दिन पूर्व ही पूर्ण हो चुकी थीं। आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर बुधवार सुबह से ही नजर आया। मंगलवार को पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया तो बुधवार सुबह से ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जमावड़ा रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के होने से सपाइयों का भी आयोजन में जमावड़ा रहा। यहां से आगामी विधानसभा चुनाव में नए गठजोड़ के पैगाम देने की तैयारी चल रही है।

आयोजन स्थल पर स्वयं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर छोटी-बड़ी हर समस्या के निराकरण के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार उत्साहित कर रहे हैं। महा पंचायत की तैयारियों के बाबत उन्होंने बताया कि रैली में लगभग एक लाख लोगों के शामिल हो रहे हैं। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता रात-दिन एक कर रैली स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा भ्रमण कर प्रचार-प्रसार में लगे हैं। यहां दो हेलीपैडों का निर्माण अंतिम दौर में है। यहां पर लोगों के बैठने के लिए लगभग 35 हजार से भी अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को लाने के लिए लगभग 13 हजार गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है।

जैसा कि पूर्व निर्धारित है इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर और सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव की राजनैतिक मित्रता का भी यह आयोजन साक्षी बनेगा। लोगों के बीच चर्चा का विषय है कि आगामी विधानसभा चुनावों के पूर्व सुभासपा भागीदारी संकल्प मोर्चा के दलों एवं समाजवादी पार्टी की दोस्ती का आगाज करने वाली यह महापंचायत क्या गुल खिलाएगी।

'