Today Breaking News

हवाई जहाज का किराया ही छूने लगा आसमान, दीपावली पर टिकट रेट में बेतहासा वृद्धि, जाने कारण

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. त्योहारों का मौसम आते ही दूसरे राज्यों और देशों में नौकरी व व्यवसाय कर रहे लोग अपने घर वापस लौटने लगते हैं। इस दौरान हवाई जहाज से लौटने वालों की संख्या भी काफी बढ़ जाती है। यही कारण है कि इस बार भी दीपावली पर एयरलाइंसों के दाम में बेतहासा इजाफा हुआ है। दिल्ली और मुंबई से वाराणसी आने वाले विमानों का किराया अन्य हवाई मार्गों से आने वाले विमानों की अपेक्षा काफी अधिक बढ़ गया है। ट्रैवेल्स और टिकट बुकिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि फ्लैक्सी फेयर होने के चलते यात्रियों की संख्या बढ़ने पर किराया बढ़ गया है। दीपावली के बाद किराया नार्मल हो जायेगा।

डेढ़ घंटे का सफर और किराया 4 से 14 हजार

दिल्ली से वाराणसी के बीच इस समय 10 विमानों का प्रतिदिन आवागमन हो रहा है। विमान द्वारा दिल्ली से वाराणसी आने में डेढ़ घंटे का समय लगता है और मंगलवार को चेक करने पर पता चला की 4 अक्टूबर को दीपावली के दिन दिल्ली से वाराणसी आने का किराया 4 हजार से 14 हजार तक है। इस रूट पर सामान्य दिनों में किराया 3 हजार से 3500 के करीब रहता है। वहीं बात करें मुंबई से वाराणसी की तो इस हवाई मार्ग पर 5 विमानों का आवागमन हो रहा है। मुंबई से वाराणसी आने में 2 घंटे लगते हैं। इस रुट पर 4 अक्टूबर को दीपावली के दिन किराया 6 से 15 हजार के करीब है। इस रुट पर सामान्य दिनों में किराया 4 हजार से 4500 के करीब रहता है।

फ्लेक्सी फेयर के चलते है ऐसी स्थिति

अधिकारियों ने बताया कि विमानों में फ्लेक्सी फेयर सिस्टम लागू है; जितनी अधिक सीटें बुक होंगी उसी हिसाब से किराया भी बढ़ता जाता है। दीपावली के त्यौहार पर दूसरे देश या राज्य में नौकरी पेशा करने वाले लोग अपने घर वापस आते हैं। ऐसे में यात्रियों द्वारा बुकिंग तेजी से की जा रही है जिससे किराए में भी बढ़ोतरी हो रही है।

एयरपोर्ट को दुल्हन की तरह सजाया

दीपावली पर्व पर वाराणसी के एलबीएस इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मंगलवार शाम तक वाराणसी एयरपोर्ट (vns ariport) के मुख्य टर्मिनल भवन के साथ ही पेड़ पौधों पर भी सजावट की गयी थी। जबकि अन्य स्थानों पर किया जा रहा है। मंगलवार शाम से रात तक एयरपोर्ट पर पहुंचते ही मुख्य गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करने के बाद एयरपोर्ट की भव्यता देखकर विमान यात्री काफी उत्साहित नजर आये। एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र से लगायत टर्मिनल भवन तक आकर्षक झालरों व एलइडी बल्ब से बेहतरीन सजावट की गई है। अधिकारियों ने बताया की दीपावली के दिन एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में आकर्षक रंगोली भी बनायी जाएगी।

'