Today Breaking News

अयोध्या में फिर त्रेतायुग जीवंत, CM योगी ने प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण का तिलक लगा किया स्वागत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ/अयोध्या. भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में पांचवें दीपोत्सव 2021 पर फिर त्रेतायुग जीवंत हो उठा। ज्यों ही हेलीकाप्टर (पुष्पक विमान) से राम कथा पार्क में भगवान श्री राम, मां सीता और भाई लक्ष्मण उतरे तो खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने अपने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ भगवान के स्वरूप की अगवानी की।

हेलीकॉप्टर से तीन राउंड पुष्पवर्षा हुई तो जय जय श्रीराम के नारों से अयोध्या गुंजायमान हो उठी। इस बार उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार दीपोत्सव पर अयोध्या नगरी में 12 लाख दीये जलाएगी। दीपोत्सव को देखने के लिए 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' की एक टीम अयोध्या में है। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मिट्टी के एक दीए को कम से कम पांच मिनट तक जलाना होगा। रामकी पैड़ी के 32 घाटों पर दीपों को प्रज्जवलित करने के काम में 12 हजार स्वयंसेवी करेंगे। रामनगरी के अन्य पौराणिक स्थलों एवं मंदिरों पर तीन लाख दीप जलाए जाएंगे।

अयोध्या में पांचवां दीपोत्सव 2021 Live Update...

'योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो' : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच वर्ष पहले अयोध्या में दीपोत्सव की चर्चा सामने आई थी, तो अयोध्या में ही आज के दिन ये आयोजन नहीं हो रहा था। हमारी सरकार ने तय किया कि अगर अयोध्या को उसकी नई पहचान दीपोत्सव कार्यक्रम से माध्यम से दिलवानी है। मुझे याद है कि 2017, 2018, 2019 में भी एक ही नारा गूंज रहा था- 'योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो।' मैं तब भी कह रहा था कि मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि 31 साल पहले अयोध्या में क्या हो रहा था।

दुनिया का सबसे बड़ा पर्यटन शहर बनेगा अयोध्या : केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि मैं इस दीपोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के लिए योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहता हूं। एक अद्भुत राम मंदिर निर्माणाधीन है और जल्द ही पूरा हो जाएगा, जहां दुनिया भर से करोड़ों लोग आएंगे। वर्ष 2030 तक अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा पर्यटन शहर होगा।

डिप्टी सीएम ने तीन मार्ग बनाने का दिया आश्वासन : पांचवें दीपोत्सव को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दीपोत्सव की महज कल्पना की जा सकती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने यह साकार किया। डबल इंजन की सरकार के चलते रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। भाजपा सदा राम की भक्त रही है। उन्होंने व्यंग कसा कि कोई जनेऊ दिखा रहा है तो कोई मंदिर जा रहा है। डिप्टी सीएम ने रामजन्म भूमि की ओर जाने वाले तीन मार्ग स्व. अशोक सिंघल व बलिदानी कारसेवक व पूर्व मुख्यमन्त्री कल्याण सिंह के नाम पर बनाने की घोषणा की। पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अयोध्या की भव्यता पूरे विश्व में व्याप्त हो चुकी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि 70 वर्ष से देश का अपमान कितना हुआ यह आप देख रहे हो। लोग चंदन लगाने में डरते थे, मंदिर जाने से डरते थे। देश के अंदर आतंकवादियों व नक्सलवादियों ने राज किया। जिन्ना की प्रशंसा पर अखिलेश को घेरा।

प्रभु राम माता जानकी व लक्ष्मण का राज तिलक : राम कथा पार्क से विशेष रथ से राम दरबार के सभी स्वरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच स्थल पर पहुंचे। वहां पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, विहिप के दिनेश जी व तीन देशों के राजदूतों ने क्रमवार प्रभु राम माता जानकी व लक्ष्मण का राज तिलक किया। उसके बाद महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, गोरखनाथ बाबा, शोभा सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह ने भगवान के स्वरूपों की पूजा अर्चना की।

हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा दीपोत्सव : केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम का निरीक्षण किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भव्य राम मंदिर के निर्माण से यहां पर्यटन के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। यूपी सरकार भारत सरकार की सहायता से इस दिशा में काम कर रही है।

अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ : दीपोत्सव के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ रामनगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। दीपोत्सव लंका विजय के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति का महोल्लास है। यह उल्लास दीपावली के रूप में युगों से प्रवाहमान रहा है और 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे मेगा इवेंट के रूप में नया तेवर-कलेवर प्रदान किया।

सीएम योगी देंगे अयोध्या को सौगात : दीपोत्सव के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। ये विकास परियोजनाएं लगभग 678.65 करोड़ की हैं। इसमें मार्ग, सीवर के साथ ही पेयजल पाइप लाइन व अन्य योजनाएं भी शामिल हैं।

लोक संस्कृति को जीवंत कर रहा दीपोत्सव : दीपोत्सव में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, झारखंड, नोएडा, झांसी, नागपुर, पंजाब आदि राज्यों के करीब 1200 कलाकार लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ के करीब एक दर्जन कलाकार अवधी लोकनृत्य की प्रस्तुति दे रहे हैं। जयपुर का कालबेलिया नृत्य, पंजाब का भांगड़ा, बांदा का पाई डंडा, मथुरा का बम रसिया, झांसी का राई, सोनभद्र के मादल वादन के जरिये लोक संस्कृति की समृद्धि की झलक दिख रही है। हरियाणवी नृत्य, झारखंड का छाऊ नृत्य झांकियों को भव्यता दे रहा है।

त्रेतायुगीन प्रसंगों को जीवंत करने वाली झांकियां : उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी ने साकेत महाविद्यालय से दीप उत्सव शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ अयोध्या में दीपोत्सव की धूम शुरू हो गई। साकेत महाविद्यालय से त्रेतायुगीन प्रसंगों को जीवंत करने वाली झांकियां निकलीं।

हरे रंग की रेशमी पोशाक में होंगे रामलला : दीपोत्सव पर रामलला हरे रंग की रेशमी पोशाक में होंगे। रामादल अध्यक्ष पं. कल्किराम ने रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्रदास को रामलला की पोशाक प्रदान की। वाराणसी के रूपेश सिंह ने दिग्गज कलाकार सुदर्शन पटनायक की परंपरा आगे बढ़ाते हुए दीपोत्सव की पूर्व संध्या को अविस्मरणीय बनाया। उन्होंने पुण्य सलिला सरयू की रेत से श्रीराम और भरत के मिलन का मनोहारी अंकन किया।

'