Today Breaking News

इसी माह सड़क पर उतरेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 45 मिनट में चार्ज होगी- तय करेगी 120 किमी की दूरी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर शहरवासियों के ल‍िए राहत भरी खबर है। नवंबर में महानगर के निर्धारित रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें फर्राटा भरने लगेंगी। छह इलेक्ट्रिक बसें गोरखपुर पहुंच चुकी हैं, जो नौसढ़ डिपो परिसर में खड़ी हैं। जल्द ही अन्य बसें भी पहुंच जाएंगी। बसों को संचालित करने के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

गोरखपुर पहुंच चुकी हैं छह इलेक्ट्रिक बसें, महेसरा में बन रहा चार्जिंग स्टेशन

महेसरा में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि 15 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। लेकिन परिवहन निगम का मानना है कि 20 नवंबर से पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाएगा। चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूरा होने के बाद ही बसों का संचालन शुरू हो पाएगा।

बीस नवंबर से बसों की चलने की उम्‍मीद

जानकारों के अनुसार 20 नवंबर के बाद कभी भी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। जल्द ही संचालन की तिथि भी निर्धारित कर ली जाएगी। केसरिया रंग की यह बसें पूरी तरह सुरक्षित हैं। न आवाज करेंगी और न धुआं निकालेंगी। यानी, प्रदूषण पर पूरी तरह अंकुश रहेगा।

बसों में सुरक्षा के पूरे इंतजाम

बसों में सीसी कैमरे लगे हैं। सीटों पर पैनिक बटन। सामने डिस्टिनेशन बोर्ड लगा है। महिला और दिव्यांग यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधा सुनिश्चित की गई है। बस 45 मिनट में चार्ज होगी। एक बार चार्ज होने के बाद 120 किमी दूरी तय करेगी। जीपीएस आधारित इन बसों की निगरानी सीधे लखनऊ से अध‍िकारी करेंगे।

इलेक्ट्रिक बसों के पंजीयन की प्रक्रिया चल रही है। महेसरा में यथाशीघ्र चार्जिंग स्टेशन निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर दिया गया है। 20 नवंबर के बाद बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। जल्द ही तिथि भी निर्धारित कर दी जाएगी। - पीके तिवारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी- सिटी बस।

'