Today Breaking News

पूर्व मंत्री लालजी वर्मा और राम अचल राजभर सपा में शामिल, BSP से हुए थे निष्कासित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हर राजनीतिक दल जोड़-तोड़ की राजनीति में लगा है। इस बीच पूर्व मंत्री लालजी वर्मा और राम अचल  राजभर सोमवार को यहां समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए। दोनों नेताओं को हाल ही में बसपा से निष्कासित किया गया था।

दोनों नेता पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में यहां पार्टी कार्यालय पर सपा में शामिल हुए। अब आगामी सात नवम्बर को अखिलेश यादव अकबरपुर में सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा के माध्यम से दोनों नेता शक्ति प्रदर्शन करेंगे।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गरीबों की लगातार अनदेखी कर रही है। यह भी संभव है कि उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनाव को देखते हुए तीनों कृषि कानून वापस ले लिए जाएं और दोबारा उसे नए सिरे से लगाने का प्रयास किया जाए। लेकिन जनता भाजपा की हर चालबाजी को समझ चुकी है। वह पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विभिन्न पार्टी के लोग समाजवादी पार्टी जॉइन कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सपा के प्रति लोगों का विश्वास बना है। इस दौरान भाजपा बसपा सहित विभिन्न दलों के लोगों ने सपा की सदस्यता ली। बसपा छोड़कर आए लालजी वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया निमंत्रण देने आए हैं। 7 नवंबर को अंबेडकर नगर में होने वाले कार्यक्रम में तमाम लोग सपा की सदस्यता लेंगे। बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को साकार किया जाएगा। 

'