Today Breaking News

सपा विधायक सुभाष ने पत्नी के साथ थामा भाजपा का दामन - Saidpur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. Saidpur News: लगातार दो बार सैदपुर विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित होने वाले क्षेत्र के डिहिया गांव निवासी सुभाष पासी मंगलवार को सपा छोड़ भाजपा का दामन थाम लिए। लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह व दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ की मौजूदगी में विधायक सुभाष पासी, उनकी पत्नी रीना पासी व प्रतिनिधि आशू दुबे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। माना जा रहा है सैदपुर में इसका बड़ा असर पड़ेगा।

विधायक सुभाष पासी 2007 में सादात विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2012 में ये पाला बदलकर समाजवादी पार्टी के टिकट पर सैदपुर विधानसभा से चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। उन्होंने पूर्व विधायक स्व अमेरिका प्रधान को मात दी थी। वर्ष 2012 में पुन: सपा ने सुभाष पासी पर भरोसा जताया। 

इस बार सुभाष पासी पूर्व सांसद व भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर को करीब 8200 मतों से हराया और दोबारा विधायक बने। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से सुभाष पासी को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि वहां सुभाष पासी को हार का सामना करना पड़ा था। बीते ब्लाक प्रमुख चुनाव के बाद से ही सपा का एक गुट लगातार सुभाष पासी का विरोध कर रहा था। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि सुभाष पासी पार्टी बदल सकते हैं। आखिरकार वही हुआ और विधायक ने अपनी पत्नी व प्रतिनिधि के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। सोशल मीडिया विधायक सुभाष पासी को लेकर किए गए विभिन्न पोस्ट से पट गया।

'