Today Breaking News

शादी से पहले दूल्हा गायब, हाथ में विवाह का कार्ड लेकर ग्रामीणों ने हाइवे किया जाम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के इदिलपुर, नारे पर का निवासी एक युवक शुक्रवार को संदिग्ध हाल में अपने घर से गायब हो गया। रविवार को उस की बारात जाने वाली थी और घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी, महिलाएं मंगल गीत गा रही थी इसी दौरान वह घर से गायब हो गया। इस मामले में पुलिस से शनिवार को सुबह लिखित शिकायत की गयी। पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा लिखकर जांच में जुटी थी तबतक ग्रामीणों ने वाराणसी-बाबतपुर हाइवे जाम कर दिया। बाद में अधिकारियों द्वारा दो घंटे में युवक को खोजने का आश्वासन दिया गया, उसके बाद जाम समाप्त हुआ।

प्राप्त जानकारी अनुसार इदिलपुर नारे पर निवासी भगवानदास पटेल की रविवार को शादी थी। घर में उसके शादी की तैयारी चल रही थी। शुक्रवार को रात में वह एक मित्र के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए निकला और फिर वापस नहीं लौटा। रात भर कहीं जानकारी न मिलने पर शनिवार सुबह 8 बजे तक स्वजन खोजबीन किये, फिर पुलिस को सूचना दिए। 

सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू की। स्वजनों के बताए गए जगहों पर पुलिस दबिश दे रही थी। तबतक गायब युवक के माता-पिता और बहनों संग आसपास के ग्रामीण भेलखा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे और वाराणसी-बाबतपुर मार्ग पर जाम लगा दिए। 

मौके पर पहुंची पुलिस किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराई यातायात चालू हुआ तब तक जिला पंचायत सदस्य मूलचंद यादव ने मौके पर पहुंचकर दोबारा जाम लगा दिया। बाद में 2 घंटे तक गायब युवक को खोजने का आश्वासन पुलिस द्वारा दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ।

आसानी से जाम कर देते हैं हाइवे, आमजन को होती है परेशानी

इधर कुछ माह से हाइवे जाम करने का चलन चल पड़ा है। छोटी बड़ी घटना होने पर भी ग्रामीणों द्वारा हाईवे पर जाम लगा दिया जाता है। वाराणसी बाबतपुर मार्ग पर हवाई यात्रियों के साथ ही काफी संख्या में राहगीरों का आवागमन होता है। हाइवे पर जाम लगाने से काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। 

शनिवार को जौनपुर की तरफ से शहर में जा रहे कई एम्बुलेंस भी जाम में फंस गए। मरीजों के परिजन रो-रो कर अनुनय विनय किये लेकिन जाम न खुलने से लाचार दिखे। वहीं चंदौली जिले के सैयदराजा निवासी राहुल नामक एक युवक को हवाई जहाज से दिल्ली जाना था। जाम लगाए लोगों से वह भी काफी विनती किया लेकिन लोगों ने एक न सुनी। पिछले तीन माह में हाइवे जाम करने के तीन मामले आ चुके हैं।

'