Today Breaking News

जन्मदिन पर मुलायम सिंह यादव बोले- युवा परिवर्तन की राजनीति में होंगे कामयाब

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को जन्मदिन है। मुलायम सिंह आज अपना 82वां जन्मदिन है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने मंच से नेता जी को जन्मदिन की बधाई दी।

इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आज मेरा जन्मदिन मनाया जा रहा है, लेकिन मुझे खुशी तब होगी जब गरीब से गरीब व्यक्ति की जन्मदिन मनाया जाएगा। उन्होंने अपने स्वागत सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए नौजवानों से अह्वान किया कि मुझे विश्वास है कि आप प्रदेश में परिवर्तन करके दिखाएंगे। प्रदेश का युवा परिवर्तन की राजनीति में कामयाब होंगे। 

देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को सपा मुख्यालय में सादगी से जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस समारोह में मुलायम सिंह यादव, सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। इटावा जिले के सैफई गांव में 22 नवंबर, 1939 को जन्‍मे मुलायम सिंह यादव ने शुरुआती जीवन एक शिक्षक के रूप में शुरू किया और 1967 में पहली बार विधानसभा के सदस्य चुने गए वह वर्ष 1977 में रामनरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश सरकार में पहली बार मंत्री बने। उन्होंने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी।

इससे पहले मुलायम सिंह यादव के 82वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि देश की राजनीति में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुलायम सिंह को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।'

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।' वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया कि 'हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत, सामाजिक न्याय के ध्वजवाहक और अपने जन संघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'

सैफई में मुलायम के जन्मदिन पर दंगल का आयोजन : सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया द्वारा सैफई में दंगल का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव व राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव पहुंचे। उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर प्रसपा के कई नेता मौजूद रहे। कई नामी गिरामी पहलवानों काे दंगल में भाग लेने के लिए बुलाया गया है। इस अवसर पर केक भी काटा गया।

'