मोदी और योगी की सरकार बनी तो पिछड़ों को मिला सम्मान : अनिल राजभर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भाजपा की जन विश्वास यात्रा सोमवार को नगर बंशी बाजार स्थित एक पैराडाइज से निकली। शहर के लंका, सकलेनाबाद, रौजा, मेदनीपुर, ताड़ीघाट, मतसा, देवरिया होते हुए जमानियां रामलीला मैदान पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि विपक्षी बौखला गए हैं। सभी से एक बार फिर से कमल खिलाने का आह्वान किया। सैदपुर में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को यात्रा चंदौली में प्रवेश कर जाएगी।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मंच पर पहुंचते ही भारत माता व बाबा विश्वनाथ का जयकारा हाथ उठवा कर जनता से लगवाया। कहा कि आज की भीड़ पुन: मोदी व योगी को आशीर्वाद देने आई है। विपक्ष पर हमलावर अनिल राजभर ने कहा कि पिछड़ों के नाम पर सरकार बनाने वाले यह लोग केवल वोट की राजनीति के लिए उनको धोखा दिए हैं, लेकिन जब मोदी व योगी की सरकार बनी तो पिछड़ों को सम्मान मिला।
आह्वान किया कि कमल के साख को गिरने नहीं देना है। आश्वस्त किया कि जमानियां विधानसभा को गोद लेकर विकास की गंगा बहा दूंगा। राजभर समाज को ठगने वाले एक नेता का नाम असलम राजभर रख दिया हूं, जिसको इसी विधानसभा में धूल चटा दूंगा। सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग को सम्मान मिला। राज्य मंत्री विनोद प्रजापति ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर चलवाकर सीएम योगी ने गुंडाराज का खात्मा कर अकल्पनीय कार्य किया। राज्यमंत्री मंत्री डा. संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विधायक सुनीता सिंह, बृजनंदन सिंह, पप्पू सिंह, सुनील सिंह, भास्कर सिंह, अविनाश जायसवाल, बाल कृष्ण त्रिवेदी, शशिकांत शर्मा आदि रहे। अध्यक्षता रमाशंकर उपाध्याय व संचालन सुनील सिंह ने किया। जगह-जगह हुआ स्वागत
मलसा में जन विश्वास यात्रा का मेदनीपुर में कमलेश प्रकाश सिंह ने स्वागत किया। ताड़ीघाट, देवरिया, मतसा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से अभिनंदन किया। देवरिया से बबलू राय, दीपक गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता ने बैंड बाजे के साथ यात्रा में चल रहे लोगों का स्वागत किया। मतसा में राम नगीना राय, विपिन राय, सुनील राम, बलराम मिश्र ने स्वागत किया। इससे पूर्व रविवार को बाराचवर में जिला पंचायत सदस्य राजकुमार झाबर ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।