Today Breaking News

भाजपा की कल से 6 जिलों से जन विश्वास यात्रा, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा व CM योगी करेंगे शुभारंभ

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर भारतीय जनता पार्टी रविवार से प्रदेश में छह जन विश्वास यात्रा निकालेगी। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाइ ने छह जिलों से निकलने वाली जन विश्वास यात्रा की रूपरेखा तैयार कर ली है।

भाजपा प्रदेश में 19 दिसंबर से छह जिलों से जन विश्वास यात्रा शुरू करने जा रही है। यह यात्रा बिजनौर, मथुरा, झांसी, गाजीपुर, अंबेडकरनगर, बलिया से यह यात्रा शुरू होगी। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रदेश भर में एक साथ निकाली जाने वाली छह जन विश्वास यात्राओं का शुभारंभ व समापन केंद्रीय मंत्री करेंगे। यह छह जन विश्वास यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधान सभा क्षेत्रों में जाकर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को जनता को बताएंगी। 

पहली यात्रा अम्बेडकरनगर से निकाली जाएगी। जिसको भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड््डा रवाना करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान व केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर उपस्थित रहेंगे। यात्रा अम्बेडकर नगर से अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी होते हुए लखनऊ के काकोरी में समाप्त होगी। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह यात्रा का समापन करेंगे।

दूसरी यात्रा भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से प्रारंभ होगी। यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन विश्वास यात्रा को रवाना करेंगे। यात्रा मथुरा धाम के गोवर्धन से शुरू होगी। यहां यात्रा शुभारंभ सभा में केन्द्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय के अलावा पूर्व मंत्री संतोष गंगवार व एटा के सांसद राजवीर सिंह राजू शामिल होंगे। यात्रा मथुरा से अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, बदायूं, शाहजहांपुर होते हुए पीलीभीत में समाप्त होगी। जहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समापन यात्रा को संबोधित करेंगे।

तीसरी यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की कर्मस्थली से रवाना करेंगे। यात्रा शुभारंभ सभा में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व केन्द्रीय मंत्री निरंजन ज्योति भी उपस्थित रहेंगी। यात्रा झांसी से ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, औरैय्या, इटावा, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात होते हुए कानपुर में समाप्त होगी। जहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह इसका समापन करेंगे।

चौथी यात्रा बिजनौर के विदुर कुटी से शुरू होगी और इसका शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। यात्रा शुभारंभ सभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान भी उपस्थित रहेंगे। जन विश्वास यात्रा बिजनौर से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल से होते हुए रामपुर में समाप्त होगी। यात्रा का समापन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह करेंगे।

पांचवीं यात्रा भृगु ऋषि और क्रांति की धरा धरा बलिया से शुरू होगी। इसका शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व वन मंत्री दारा सिंह चौहान मौजूद रहेंगे। यात्रा बलिया से होते हुए मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, संत कबीर नगर और बस्ती तक जाएगी। जहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समापन करेंगे।

भाजपा की छठी जन विश्वास यात्रा गाजीपुर से शुरू होगी। इसका शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। यह यात्रा गाजीपुर से शुरू होकर चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, जौनपुर, सुलतानपुर होते हुए अमेठी में समाप्त होगी। इसका समापन भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ही करेंगे।

'