Today Breaking News

बीजेपी दुनिया की सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी - अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने चीन का मुद्दा उठाकर अपने ऊपर ही आत्मघाती हमला कर लिया है। पाकिस्तान के मुकाबले चीन से ज्यादा सुरक्षा को खतरा है यह कथन तो पूर्व चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत का है। 

इस मामले में भाजपा नेतृत्व को कम से कम जनरल रावत की प्रतिष्ठा का ख्याल रखना चाहिए था। अनर्गल आरोप लगाने से पहले उन्हें सत्यता की जांच कर लेनी चाहिए थी। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को बड़े-बड़े सपने दिखाए लेकिन सबके साथ छल किया।

बोले, भाजपा का प्रिय काम समाजवादी पार्टी के प्रति भ्रम फैलाना और जनता को गुमराह करना है। जनता ने भी ठान लिया है कि वह इस विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करेगी। जिस तरह की अभद्र भाषा और अशिष्ट व्यवहार भाजपा द्वारा प्रदर्शित किया जा रहा है उससे लोकतंत्र की मर्यादा गिरती है। जनता में भाजपा सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। समाज का हर वर्ग दुखी और परेशान है। भाजपा ने सिवाय महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाने के कुछ और नहीं किया है। भाजपा सिर्फ झूठ, नफरत और अफवाहों के सहारे सत्ता चलाती आई है।

जातिवादी व सांप्रदायिक राजनीति के विरुद्ध संघर्षरत रहे कर्पूरी ठाकुर: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कर्पूरी ठाकुर, डा. लोहिया व जय प्रकाश नारायण के साथ समाजवादी आंदोलन में जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति के विरुद्ध संघर्षरत रहे। सपा उनके दिखाये रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय और समाजवादी व्यवस्था के लिए लगातार काम करते हुए सबको सम्मान दिलाने की लड़ाई लड़ रही है।

सपा मुख्यालय में सोमवार को कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मौके पर समाजवादियों को सामाजिक न्याय, आबादी की हिस्सेदारी के साथ समाज के कमजोर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का संकल्प लेना चाहिए। समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता व जननायक के नाम से लोकप्रिय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई।

'