Today Breaking News

सर्द हवा से बढ़ रही गलन, दोपहर बाद बूंदाबंदी से बढ़ी ठिठुरन - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ठंड व गलन के बीच सुबह हवा के चलने से लोगों में कपकपी बनी रही। सुबह जहां कोहरे का असर बना रहा, तो वहीं पूर्वाह्न के बाद धूप के भी दर्शन हुए। दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी का भी सामना करना पड़ा। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। शाम तीन बजे के करीब अधिकतम तापमान 18 तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर बना रहा।

भोर में हर तरफ घना कोहरा छाया रहा। इसकी धुंध के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आये। पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद धूप निकली, जिससे लोगों ने कुछ राहत महसूस की। करीब एक-दो घंटे के बाद आसमान में बादलों के छा जाने से सूर्य देव इनकी आगोश में समा गये। फिर एक बजे के बाद धूप व बदली की लुका-छिपी देर तक चलती रही। 

अपराह्न तीन बजे के करीब हल्की बू्ंदाबांदी भी शुरू हो गयी थी। हालांकि, इसका क्रम जल्द ही थम गया, लेकिन धूप के दर्शन फिर नहीं हुए। शाम होते ही गलन बढ़ गयी, जिससे लोग जल्द ही घरों की ओर रुख कर लिये। सुबह ठंड व गलन से बचने के लिए जगह-जगह लोगों को अलाव तापते देखा गया। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आने वाले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान आसमान में बादलों के छाये रहने की संभावना है। सुबह कोहरा छाया रह सकता है। साथ ही बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है।

'