Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में अभी नहीं मिलेगी कड़ाके की सर्दी से राहत, जानें- अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. रविवार को शहर का मौसम शुष्क रहा, लेकिन हवाओं की वजह से दिन ठंडा रहा। दोपहर में निकली धूप से भी कोई राहत नहीं मिली। हालांकि, प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, घने कोहरे का साथ सर्दी का प्रकोप जारी रहेगा। 

रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 6.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान कानपुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान वाराणसी में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के लखनऊ, झांसी, मुरादाबाद, आगरा और मेरठ मंडलों के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, 18 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। जिसकी वजह से 20 जनवरी के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है। आगामी पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा और मौसम में किसी बड़े बदलाव की आशंका नहीं है। सोमवार को मौसम में शुष्कता बनी रहेगी और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रह सकता है । शहर का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और ठंडे दिन और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक घना कोहरा और अत्यधिक ठंडे दिन की चेतावनी जारी की है।

रविवार को लखनऊ शहर का एक्यूआइ स्तर 154 पर दर्ज किया गया। लखनऊ के अलग-अलग स्थानों पर शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) मापने के लिए प्रदूषण मापक यंत्र लगाए गए हैं। इनके अनुसार लालबाग में एक्यूआइ का स्तर 191, तालकटोरा में 176, केंद्रीय विद्यालय, अलीगंज में 155, रायबरेली रोड स्थित बी आर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी में 135, कुकरैल पिकनिक स्पाट-एक में एक्यूआइ का स्तर 111, गोमती नगर में एक्यूआइ का स्तर 109 पर दर्ज किया गया है।

'