Today Breaking News

घने कोहरे के साथ पारा गिरने की चेतावनी, जानें- कब तक जारी रहेगा सर्दी का सितम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. शुक्रवार को दिनभर चली हवाओं ने मौसम में ठिठुरन का अहसास करवाया। वहीं, शाम से ही मौसम में शीतलहर के कारण गलन जैसी स्थिति भी रही। मौसम विभाग ने रविवार तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पारे के गिरने के साथ कोल्ड डे कंडीशन यानी दिन के तापमान में गिरावट की चेतावनी जारी की है। तो वहीं, पूर्वी प्रदेश में सुबह के समय घने से अत्यधिक घने कोहरे के चेतावनी जारी की गई है।

बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के अनुसार, रविवार तक मौसम सामान्य रहेगा। प्रदेश के कुछ जगहों पर घना कोहरा हो सकता है। साथ ही अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहेगा। मौसम में दिन के समय ठंड बनी रहेगी। प्रदेश में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान मेरठ में 3.8 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरनगर में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यानी दिन के समय प्रदेश भर में ठंड महसूस हुई।

प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान बस्ती में 22.5 डिग्री, फतेहगढ़ में 22.2 डिग्री और गोरखपुर और वाराणसी में 21.0 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। शुक्रवार को लखनऊ के वायु गुणवत्ता का एक्यूआइ स्तर 167 दर्ज किया गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) मापने के लिए प्रदूषण मापक यंत्र लगाए गए हैं। इनके अनुसार तालकटोरा में एक्यूआइ का स्तर 247, लालबाग में 242, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 133, रायबरेली रोड स्थित बी आर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी में 172, गोमती नगर में 104 और कुकरैल पिकनिक स्पाट-एक में एक्यूआइ का स्तर 114 पर दर्ज किया गया है।

'