Today Breaking News

पुलिस मुख्यालय में तैनात लापता महिला सिपाही का था नाले में मिला शव, हत्या की आशंका

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. पुलिस विभाग के अफसर मातहतों के प्रति संवेदनशील नहीं नजर आ रहे हैं। 12 फरवरी से महिला सिपाही रुचि चौधरी लापता थी, जिसकी गुमशुदगी का संज्ञान पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने नहीं लिया। गुरुवार को रुचि का शव कल्ली माती स्थित नाले में मिला। शव की शनिवार को शिनाख्त हुई तो अफसर हरकत में आए। इसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।

एसजीपीजीआइ के पास मिली थी आखिरी लोकेशन : रुचि की हत्या कर नाले में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सिपाही के फोन की अंतिम लोकेशन एसजीपीजीआइ के पास की मिली। पुलिस ने रुचि के घरवालों को घटना की जानकारी दे दी है। बाराबंकी से पुलिस मुख्यालय में संबद्ध एवं अनुभाग तीन में कार्यरत महिला आरक्षी रुचि चौधरी 13 फरवरी से ड्यूटी पर नहीं गई थीं। वह बिजनौर जिले के महावतपुर बिलौच नजीबाबाद के रहने वाले योगेंद्र पाल सिंह की बेटी थी। 12 फरवरी को रुचि कैब से एसजीपीजीआइ के पास उतरी थी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया था।

साथी महिला सिपाही ने इंटरनेट मीडिया पर शेयर की थी फोटो : रुचि के साथ काम करने वाली एक महिला सिपाही ने इ मीडिया पर रुचि की फोटो डालकर उनके लापता होने की जानकारी दी। इसके बावजूद मुख्यालय में तैनात अधिकारियों ने मामले का संज्ञान नहीं लिया। नाले में शव उतराता देख गुरुवार को लोगों ने डायल 112 पर जानकारी दी थी। शनिवार को शव की पहचान की गई और दोपहर में पुलिस मुख्यालय में तैनात अनुभाग अधिकारी तीन महेंद्र पाल सिंह ने गुमशुदगी दर्ज करा दी। सूत्रों के मुताबिक 12 फरवरी को रुचि की अंतिम बार प्रतापगढ़ में तैनात एक नायब तहसीलदार से फोन पर बात हुई थी। संदेह के आधार पर पुलिस टीम प्रतापगढ़ में दबिश दे रही है।

नायब तहसीलदार से शादी की बताई थी बात : रुचि की शादी प्रयागराज में तैनात एक सिपाही से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों में विवाद होने लगा था। इसके बाद से दोनों अलग होने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, रुचि ने इस बात की जानकारी सहयोगियों को नहीं दी थी। रुचि ने साथी पुलिसकर्मियों को बताया था कि उसकी शादी नायब तहसीलदार से हुई है। पुलिस अब नायब तहसीलदार से पूछताछ की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि नायब तहसीलदार के मिलने के बाद पूरे मामले का राजफाश हो जाएगा।

जानकारी देने वाली महिला सिपाही को नोटिस : इंटरनेट मीडिया पर रुचि के लापता होने की जानकारी पोस्ट करने वाली महिला कांस्टेबल को अधिकारियों ने नोटिस भेज दिया है। अधिकारियों ने रुचि की खुद तलाश करने की कोशिश तो नहीं की, लेकिन मदद मांगने वाली महिला सिपाही से जवाब जरूर मांग लिया है। एडीसीपी दक्षिणी राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की होगी।


'