Today Breaking News

अखिलेश यादव अब डिप्टी सीएम केशव के सामने किसे उतारेंगे मैदान में, बना है बड़ा सवाल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा और सपा के बीच कड़ा मुकाबला है। दोनों दल एक दूसरे की घेरा बंदी में जुटे हैं। आवश्यकता के अनुसार सहयोगी दलों की भी मदद ले रहे हैं। करहल विधानसभा सीट से अखिलेश यादव के सामने भाजपा ने एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा तो सपा भी भाजपा के बड़े नेताओं की घेरा बंदी में जुट गई। कौशांबी की सिराथू सीट भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मैदान में आने की वजह से हॉट हो गई। समूचे विपक्ष ने घेराबंदी कर मजबूत चक्रव्यूह रचने का प्रयास किया।

बिसात पर एक दो चाल चलने के बाद बाद ही विपक्ष की घेराबंदी टूटती नजर आने लगी है। हालात देखकर लग रहा है कि सपा की दावेदारी हवा हो गई है। अब तक इस सीट पर उम्मीदवारों की तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। उधर केशव प्रसाद लगातार चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सपा मुखिया अखिलेश प्रताप सिंह खुद सिराथू से चुनाव लड़लें। अब देखना है कि केशव के खिलाफ अखिलेश किसे मैदान में उतारते हैं।

पल्लवी के हाथ खींचने के बाद नहीं मिल रहा है उम्मीदवार

सिराथू विधानसभा सीट पर 2017 में भाजपा के शीतला प्रसाद ने परचम लहराया था। उन्होंने सपा के वाचस्पति को शिकस्त दी थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मैदान में उतारा है। मुकाबले के लिए बसपा ने संतोष त्रिपाठी को और आम आदमी पार्टी ने विष्णु कुमार जायसवाल को टिकट दिया। लंबे जोड़ घटाने के बाद सपा ने यहां से अपना प्रत्याशी न उतारते हुए सहयोगी दल अपना दल (कमेरावादी) को यह सीट देने का फैसला किया। 

यह भी घोषणा की गई कि इस सीट से पल्लवी पटेल प्रत्याशी होंगी। सपा ने दूर की कौड़ी लाकर भाजपा के सामने मुश्किल खड़ी करने की कोशिश की। हालांकि इस घोषणा के बाद केशव ने कहा था कि छोटी बहन पल्लवी का स्वागत है लेकिन उन्होंने सपा मुखिया को सिराथू सीट पर लड़ने के लिए आमंत्रित किया। 

कुछ घंटे के भीतर ही सपा और उसके सहयोगी दल अपना दल (कमेरावादी) में खींचतान शुरू हो गई। नतीजा यह कि अपना दल (कमेरावादी) ने सभी सीटों से अपने उम्मीदवार वापस ले लिए। अब सिराथू विधानसभा सीट से सपा की तरफ से कौन मैदान में उतरेगा स्थिति साफ नहीं है। माना जा रहा है कि सपा को कोई भी मजबूत प्रत्याशी नहीं मिल रहा है जिसकी वजह से उम्मीदवारों के नाम घोषित करने में देरी हो रही है।

भाजपा ने प्रयागराज की तीन सीटों पर नहीं उतारे उम्मीदवार

नामांकन में तीन दिन शेष हैं। बसपा ने ही सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। सपा ने 11 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं लेकिन फाफामऊ विधानसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है। इसी क्रम में भाजपा ने शहर उत्तर, सोरांव और प्रतापपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। हालांकि सोरांव और प्रतापपुर विधानसभा सीट सहयोगी दल अपना दल एस के खाते में चली गई है।

अपना दल एस ने भी उम्मीदवार नहीं घोषित किए हैं। शहर उत्तर सीट पर भाजपा किसी मैदान में उतारेगी, इसे लेकर असमंजस बना हुआ है। कांग्रेस भी प्रत्याशियों की स्थिति नहीं साफ कर पाई है। शहर पश्चिम, सोरांव, हंडिया, फूलपुर, मेजा, करछना और कोरांव से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है।

'