Today Breaking News

एक्सप्रेस-वे खोलेगा पूर्वांचल की तरक्की की राह, 2024 तक अमेरिका की तरह होंगी यूपी की सड़कें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. किसी भी राज्य की समृद्धि के लिए पानी, बिजली, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन की सुविधा का सर्व सुलभ होना बहुत जरूरी है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारु राज्य माना जाता था। लेकिन डबल इंजन की सरकार ने बिजली व सड़क की कमी को दूर कर प्रदेश के साथ ही पूर्वांचल की तरक्की का मार्ग प्रशस्त किया है। 2024 तक उत्तर प्रदेश की सड़कें अमेरिका की तरह होगी।

कान्क्लेव में बोले नितिन गड़करी सात साल में जो बोला वो पूरा किया

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाज़रानी, जल संसाधन मंत्री नितिन गड़करी गोरखपुर में दूरदर्शन कान्क्लेव में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। एक्सप्रेस वे की रफ्तार विषय पर अशोक श्रीवास्तव ने उनसे बातचीत की।क्या एक्सप्रेस वे की रफ्तार से भाजपा सत्ता के द्वार पहुंचेगी सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़कें विकास के लिए महत्वपूर्ण है।जहां पानी, बिजली, ट्रांसपोर्ट की सुविधा होती है वहीं पर निवेश होता है।2017 से पहले उत्तर प्रदेश में बिजली व सड़क की कमी थी।डबल इंजन की सरकार ने इस कमी काे दूर किया है।2023 तक उत्तर प्रदेश में छह लाख करोड़ की सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी।वर्ष 2014 से 2021 तक 90 हजार करोड़ की सड़कें बन चुकी है।वर्ष 2022 में 70 हजार करोड़ की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

तीन साल में सरकार ने किसानों को 26 हजार करोड़ रुपये मुआवजा दिया

उत्तर प्रदेश में इस समय सात ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बन रहे हैं जिसमें गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस, वाराणसी-काेलकाता एक्सप्रेस वे प्रमुख है। पिछले तीन साल में सरकार ने किसानों को 26 हजार करोड़ रुपये मुआवजा दिया है।राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी के आरोप की जानकारी देने पर कि नितिन गड़करी ने जो वादा किया वह पूरा नहीं हुआ।इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सात साल में मैने जो भी कहा उसे पूरा किया। प्रयागराज से हल्दिया तक जलमार्ग शुरू कराया। मथुरा से अगरा तक सी प्लेन चलेगा। दिल्ली, मथुरा, आगरा व इटावा के लिए जलमार्ग के जरिए आवागमन शुरू करने की तैयारी चल रही है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।

अब नौ की जगह दो घंटे में पहुंचते हैं मुंबई से पुणे

पूर्वांचल में चुनावी दंगल चल रहा है, क्या पूर्वांचल एक्सप्रेस से समृद्धि का द्वार खुलेगा इस सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा मुंबई से पुणे जाने में पहले नौ घंटे लगते थे। मैंने एक्सप्रेस वे बनवाया जिसके बाद केवल दो घंटे लगते हैं। सड़क बनने के बाद पुणे विकास की पथ पर अग्रसर है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से गोरखपुर के साथ ही इससे जुड़े जिलों की तरक्की होगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस को अखिलेश अपनी उपलब्धि बताते हैं, आप इसे कैसे देखते हैं। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता सब जानती है। पूर्वांचल एक्सप्रेस को योगी ने बनवाया है।

अयोध्या में 84 काेसी परिक्रमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अयोध्या के साथ ही बौद्ध सर्किट के विकास पर भी सरकार ने धन खर्च किया है। 25 हजार करोड़ की लागत से बौद्ध सर्किट की सड़कें बन रही है। रामजानकी मार्ग पर तेजी से काम चल रहा है। यूपी में चुनाव बाद नतीजे उलट गए तो क्या होगा इसके जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार नहीं थी तो अनेक काम बंद थे। योगी सरकार में रुके हुए काम को गति मिली। महाराष्ट्र में विकास के अनेक कार्य प्रभावित है। डबल इंजन की सरकार ही उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बना सकती है।

'