Today Breaking News

गोरखपुर की सूरत बदलने की तैयारी, सिक्स लेन में तब्दील होगा फोरलेन- बनेंगे 2 नए फ्लाईओवर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर बाईपास (कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन) को सिक्स लेन में तब्दील करने के साथ ही गोरखपुर के हजारों लोगों की राह आसान हो जाएगी। साथ ही नौसढ़, ट्रांसपोर्ट नगर व रुस्तमपुर में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही सिक्टौर व राप्ती पुल के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा। खजनी के पहले बने फ्लाईओवर को और चाैड़ा कर दिया जाएगा। सिक्स लेन के डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के लिए सर्वे चल रहा है। डीपीआर में इन तीनों फ्लाईओवरों का प्रस्ताव शामिल किया जाएगा।

खजनी के पहले बना फ्लाईओवर किया जाएगा चौड़ा

लोगों ने बताया था कि यदि सिक्टौर में फोरलेन व देवरिया बाइपास को जोड़ दिया जाए तो बस्ती, संत कबीर नगर व बड़हलगंज की तरफ से एयरपोर्ट आने वाले तथा इंजीनियरिंग कालेज, सूबा बाजार, मालवीय नगर, सिंघड़िया आदि के नागरिक कालेसर व बाघागाड़ा होते हुए सीधे सिक्टौर आ जाएंगे। उन्हें शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। इधर से भी जाने के लिए वे शहर में न जाकर सिक्टौर से फोरलेन पकड़कर निकल जाएंगे।

सिक्टौर व राप्ती पुल के पास बनेगा फ्लाईओवर, आसान होगी राह

इससे नौसढ़, ट्रासंपोर्ट नगर व रुस्तमपुर में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। इसके बाद एडीजी जोन ने कमिश्नर रवि कुमार एनजी को इस संबंध में दो बार पत्र लिखा था। कमिश्रनर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में निर्देश दिया था। एनएचआइ ने उसे गंभीरता से लिया और सिक्टौर व राप्ती पुल के पास फ्लाईओवर व एप्रोच मार्ग बनाने तथा खजनी के पहले बने फ्लाईओवर को चौड़ा करने का प्रस्ताव सिक्स लेन की डीपीआर में शामिल करने का निर्णय ले लिया है।

सिक्टौर में सात मीटर ऊंचा होगा फ्लाईओवर

सिक्टौर में फ्लाईओवर सात मीटर ऊंचा किया जाएगा। नीचे की सड़क वैसे ही रहेगी। फ्लाईओवर से सिक्टौर उतरने व चढ़ने के लिए एप्रोच मार्ग व सर्विस लेन बनाई जाएगी। राप्ती पुल के पास बंधे पर पांच मीटर ऊंचा फ्लाईओवर बनेगा। खजनी के पहले बना फ्लाईओवर 12 मीटर का है। इसे 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा।

कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन को सिक्सलेन करने के साथ ही सिक्टौर व राप्ती पुल के पास फ्लाईओवर बनाने तथा खजनी के पहले बना फ्लाईओवर चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। इसे सिक्स लेन की डीपीआर में शामिल किया जाएगा। इसके बन जाने से दक्षिण व पश्चिम से पूरब आने वाली बड़ी आबादी को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। इससे नौसढ़ व ट्रांसपोर्ट नगर में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। - सीएम द्विवेदी, परियोजना निदेशक, एचएचएआइ।

'