Today Breaking News

बलिया में नामांकन करने के लिए कक्ष तक दौड़ते हुए पहुंचे मंत्री उपेंद्र तिवारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. यूपी विधान सभा चुनाव 2022 के छठवें चरण का नामांकन शुक्रवार से शुरू हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पहले दिन फेफना विधान सभा से भाजपा उम्मीदवार उपेंद्र तिवारी और बिल्थरारोड विधान सभा से भाजपा उम्मीदवार छट्ठू राम ने नामांकन किया। मंत्री उपेेंद्र को क्षेत्र में घूमने के कारण देर हो चुकी थी। 

वह 2 बजकर 55 मिनट पर कलेक्ट्रेट के गेट पर पहुंचे। यहां से दौड़ते हुए नामांकन कक्ष तक पहुंचे। मंत्री उपेंद्र तिवारी के साथ सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और राज्य सभा सदस्य नीरज शेखर रहे, जबकि छट्ठू राम के साथ सलेमपुर के सांसद रविंद्र कुशवाहा नामांकन कराने साथ पहुंचे। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ सिर्फ दो लोगों के जाने की इजाजत थी। जुलूस पर पूरी तरह रोक थी, लेकिन कलेक्ट्रेट तक प्रत्याशी भीड़ लेकर ही पहुंचे थे। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के क्रम में प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट के गेट पर ही चेकिंग का इंतजाम किया गया था।

माता-पिता का आशीर्वाद लेकर घर से निकले छठू

बिल्थरारोड विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम ने शुक्रवार को माता-पिता का आशीर्वाद लेकर जिला मुख्यालय के लिए निकले। चौकिया मोड़ पर भाजपा नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। सांसद रविन्द्र कुशवाहा, नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश गुप्ता और भाजपा पदाधिकारियों के साथ चौकिया मोड़ पर बाबा साहब को माल्यार्पण किया और मालीपुरा नगरा के रास्ते बलिया के लिए रवाना हुए।

मंदिर में मत्था टेक निकले उपेंद्र

फेफना विधानसभा से मंदिरों में मत्था टेक मंत्री उपेंद्र तिवारी नामांकन के लिए निकले। उजियार, भरौली, सोहांव, बसंतपुर सुरही लक्ष्मणपुर आदि जगहों पर समर्थक हाथों में माला फूल लिए उनके स्वागत को कतारबद्ध दिखाई दिए। फेफना तिराहे पर कार्यकताओं ने नारेबाजी करते हुए फुल मालाओं से स्वागत किया।

2.85 करोड़ के मालिक हैं मंत्री उपेंद्र

फेफना विधान सभा क्षेत्र से भाजपा से नामांकन किए मंत्री उपेंद्र तिवारी के पास 2.85 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है, वहीं 92.80 लाख रुपये की देयता है। उनकी पत्नी दीपिका तिवारी के पास 2.95 करोड़ की संपत्ति है जबकि उन पर 2.16 करोड़ की देयता है। मंत्री की पत्नी के नाम पर एक पिस्टल भी है। एक क्वालिस गाड़ी है। शपथ पत्र में मंत्री ने सभी तरह की संपत्ति का दर्शाया है। मंत्री ने अपनी शैक्षणिक योग्यता स्नातकोत्तर बतायी है।

छट्ठू राम के पास 4.91 लाख की संपत्ति

बेल्थरारोड विधान सभा क्षेत्र के भाजपा से नामांकन किए छट्ठू राम के पास 491600 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इनकी पत्नी रीता देवी के पास 351370 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। पत्नी पर 304166 रुपये की देयता है। नामांकन के दौरान छट्ठू राम की ओर से शपथ पत्र में शिक्षा स्नातकोत्तर बतायी गई है।

'