Today Breaking News

होलिका शोभायात्रा में भी दिखा बुलडोजर, योगी बोले- जोश में होश न खोएं

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. कई दशक से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करने योगी आदित्यनाथ गुरुवार की दोपहर गोरखपुर पहुंच गए। यहां के पाण्डेयहाता से उन्होंने होलिका शोभायात्रा का शुभारंभ किया। पहली बार शोभायात्रा में बुलडोजर भी दिखाई दिया।

शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले सीएम योगी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने लोगों से जोश में होश नहीं खोने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि होली के मौके पर सभी की भावनाओं का ख्याल रखें। 

कहा कि होली पर उत्साह और उमंग हो। इसके साथ ही हर व्यक्ति की भावना का ध्यान रखना होगा। कोई व्यक्ति रंग-गुलाल नहीं लगवाना चाहता है तो उस पर नहीं डालें। हो सकता है उन्हें किसी तरह की परेशानी हो। यह भी हो सकता है कि उसके यहां कोई बीमार हो। ऐसे में सभी का ख्याल रखा जाए। कोई ऐसा काम नहीं हो जिससे किसी को परेशानी हो।

सीएम योगी ने कहा कि हमारे पर्व और त्योहार केवल अच्छे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। केवल अपने लिए सोचने वाला व्यक्ति कभी महान नहीं हो सकता। महानता के लिए वसुधैव कुटुंबकम के भाव पर चलना होगा। यह भाव पीएम मोदी के सबका साथ सबका विकास में दिखाई देता है। 

कहा कि होलिका दहन के कार्यक्रम के साथ ही भगवान कृष्ण का अवतार नृसिंह के रूप में होगा। हर युग में भगवान का अवतरण हुआ। अत्याचारी दुराचारी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके सामने झुकने की कभी जरूरत नहीं है। अन्यायी अत्याचारी का हमेशा अंत होगा।

योगी ने कहा कि गोरखपुर की जनता ने तो अराजकता और माफियाओं के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी है। यूपी के बारे में एक सोच थी, वह बदली है। अब यूपी विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। यूपी के हर जिले को आगे बढ़ाना है।

योगी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। कहा कि होली में कहां जातिवाद और क्षेत्रवाद है। संकीर्ण सोच से ऊपर उठना होगा। विराट सोच के  साथ आगे बढ़ेंगे, तभी विकास होगा। योगी ने कहा कि यहां के लोगों ने तो दस मार्च से ही होली खेलना शुरू कर दिया है।

योगी ने कहा कि चुनाव का यह परिणाम केवल राजनीतिक परिणाम नहीं है, यहां की आस्था को सम्मान दिलाने, महिलाओं को सुरक्षा देने, व्यापारियों को सुरक्षा देने और प्रदेश के लोगों को खुशहाली देने के लिए यह परिणाम आया है। गोरखपुर में नौ में से सभी नौ सीटें भाजपा को मिली हैं। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है। गोरखपुर मंडल की 28 में से 27 सीट भाजपा की झोली में गई हैं। 

योगी ने कहा कि यह चुनाव बताता है कि हमेशा सत्य की जीत होती है। हमारे खिलाफ भ्रामक प्रचार किये गए। व्यक्तिगत टिप्पणियां की गई। मर्यादाओं को धता बताते हुए सीमाओं को लांघने का प्रयास किया। प्रदेश की जनता ने उनकी बातों को नहीं सुना और केंद्र व राज्य की सरकार की बातों को सुनते हुए प्रचंड बहुमत दिया है। 

योगी ने कहा कि यूपी ने कोरोना के दौरान कई मॉडल प्रस्तुत किये। हम यूपी में तीस करोड़ डोज देने में सफल हुए हैं। अब तो 12 से 14 साल के बच्चों को भी वैक्सीन दी जा रही है। सरकार अपने नागरिकों को महामारी से भी बचाती है और उन्हें महामारी के कारण भुखमरी से भी बचाती है। 15 करोड़ गरीबों को भोजन का इंतजाम किया गया। पहले खाद्यान्न गरीबों को नहीं मिलता था। माफियाओं को चला जाता था।

'