Today Breaking News

बच्चों की पसंद बनी बुलडोजर, मोदी, योगी स्टीकर लगी पिचकारी - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. इस बार होली के त्योहार में मोहब्बत के रंग बिखेरने के लिए सियासी रंग से सराबोर पिचकारियां, मिठाई व गुलाल तैयार हैं। परिजनों के साथ बच्चे भी रंगों की बौछार करने के लिए अपनी पसंद की पिचकारी खरीद रहे हैं। बच्चों की पहली पसंद बुलडोजर, मोदी, योगी स्टीकर लगी पिचकारी बनी हुई है। बाजार में मोदी, योगी, अमित शाह व स्मृति ईरानी के साथ बाबा के बुलडोजर थीम पर स्टीकर लगी पिचकारी आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।

शहर से लेकर देहात तक व्यापारियों का मानना है कि इस तरह की पिचकारी व गुलाल से भाईचारा को बढ़ावा मिलेगा। बाजारों में बालकों व किशोरों में पिचकारी खरीदारों को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा है। गुलाल से लेकर टोपी व मुखौटे भी इसी रंग से जुड़े बिक रहे हैं। बच्चों की पिचकारी की बात की जाय, तो बुलडोजर व साइकिल के साथ ही मोदी की जादुई छड़ी वाली पिचकारी बच्चों में आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। तरह-तरह के आकर्षक डिजाइनों में यह उपलब्ध हैं। 

वहीं होली को लेकर गन पिचकारी, बीन पिचकारी, जेली पिचकारी आदि पिचकारियां भी लायी गयी हैं, जिन्हें बच्चे बढ़े चाव से ले रहे हैं। बात की जाय होली पोषक की तो, जाहिर है कि इसमें सबसे पहले सफेद कुर्ता पायजामा का ध्यान आता है। यह होली की खास पोशाकों में एक मानी जाती है। लेकिन इस बार युवाओं में भगवा रंग का कुर्ता भी अपना क्रेज बनाये हुए। 

इस कलर के कुर्ता को युवा से लेकर बच्चे भी पसंद कर रहे हैं। कुर्ता के साथ ही गमछा व टोपी भी सियासी रंग की खूब बिक रही हैं। हरा, नीला, पीला, क्रीम आदि रंगों के भी कुर्ता पसंद किये जा रहे हैं। सियासी दलों के रंगों व चिन्हों वाली मिठाइयों की भी डिमांड बढ़ी है।

सियासी कलरफुल मिठाइयों की बनी है डिमांड

गाजीपुर में होली को लेकर मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है। इस बार पीले, भगवा व हरा कलर की मिठाई को ज्यादा पंसद की जा रही है। वहीं दुकानदार भी ग्राहकों की डिमांड पर वैसे ही मिठाई तैयार करा रहे हैं। इसके अलावा आकर्षक पैकों में सजी गुझ़िया को भी पसंद किया जा रहा है। यह दुकानों पर 650 रुपये से लकर 2500 रुपये तक के उपलब्ध हैं।

सियासी दलों की रंगों वाली टोपी व बिक रहा मुखौटा

गाजीपुर शहर के मिश्रबाजार में सजी पिचकारियों की दुकानों पर सियासी दलों से जुड़ी रंगों वाली टोपी के अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुखौटा भी लाया गया है। इसके अलावा मोदी की जादुई छड़ी पिचकारी बच्चों में अलग क्रेज बना रही है। इसके अलावा चश्में वाली पिचकारी, नोट वाली पिचकारी, बीन पिकचारी, जेली पिचकारी सहित अन्य कई पिचारियां पसंद की जा रही हैं।

हर्बल गुलालों में भगवा व लाल रंग की ज्यादा डिमांड

अबीरों में अब हर्बल का क्रेज ज्यादा बढ़ गया है। वहीं इस बार की होली में तो यह हर्बल अबीर सियारी रंगों में भी ज्यादा नजर आने लगा है। भगवा, लाल, हरा, पीला रंगों वाली हर्बल अबीर को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इनकी कीमत अन्य अबीरों से दस रुपये अधिक रखी गयी है। लोग भी इसे पहली पसंद के रूप में खरीद रहे हैं।

शुभ मुहूर्त में जलेंगी होलिकाएं

होलिका को लेकर शहर भर में तैयारियां शुरू हो गयी है। शहर के निर्धारित स्थानों पर होलिका जलाये जाने के लिए जलाव जैसी लड़कियां, सूखी टहनियां आदि सामानों को रेखने का क्रम शुरू हो गया है। इस बार भी शहर के दो-तीन स्थानों पर बड़े स्तर पर होलिकाएं जलायी जायेंगी। इनमें नखास, लालदरवाजा, गोइजीतर, गोराबाजार शामिल हैं। इन स्थानों के अलावा चीतनाथ, स्टीमरघाट, न्यूआमघाट-कोतवाली रोड, महुआबाग, नवापुरा, सिटी स्टेशन मालगोदाम रोड आदि शहर के स्थानों पर शुभ मुहूर्त में होलिकाएं जलायी जायंगी।

'