Today Breaking News

Ghazipur Chunav Result 2022 : गाजीपुर की 7 में 6 सीटों पर सपा जीती, सदर सीट पर राज्यमंत्री संगीता बलवंत आगे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सदर सीट पर यहां भाजपा की राज्यमंत्री संगीता बलवंत और सपा के जैकिशन साहू के बीच कड़ मुकाबला रहा। शुरू के कई राउंड में लीड का अंतर सैकड़ों में ही रहा। कांटे की टक्कर में अंतत: भाजपा की संगीता बलवंत आगे चल रही हैं। पिछली बार संगीता बलवंत ने 32607 मतों से जीत हासिल की थी।

जहूराबाद से ओमप्रकाश राजभर दूसरी बार जीते

सपा गठबंधन के सबसे अहम सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष व विधायक ओमप्रकाश राजभर के यहां से चुनाव लड़ने के कारण सभी की निगाहें थीं। इस सीट पर भाजपा ने दो बार के विधायक रहे कालीचरन राजभर और बसपा ने पूर्व मंत्री शादाब फातिमा को उतारा था। दोनों दिग्गजों की लड़ाई में ओमप्रकाश राजभर ने भारी मतों से बाजी मार ली है। पिछले 2017 के चुनाव में ओमप्रकाश राजभर भाजपा गठबंधन से चुनाव जीत थे। इस बार वह सपा गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे थे।

जखनियां से सुभासपा के बेदी राम विजयी

जखनियां (सुरक्षित) से सुभासपा-सपा गठबंधन के बेदी राम ने भाजपा प्रत्याशी रामराज बनवासी को हरा दिया। बेदी राम मूल रूप से जौनपुर जनपद के केराकत से उसियां गांव निवासी हैं। पिछले चुनाव 2017 में भी यह सीट सुभासपा के खाते में थी। यहां से सुभासपा के त्रिवेणी राम विधायक चुने गए थे। बसपा प्रत्याशी पूर्व विधायक विजय कुमार तीसरे नंबर पर रहे।

सैदपुर से अंकित भारती ने मारी बाजी

सैदपुर (सुरक्षित) से सपा के सबसे युवा प्रत्याशी अंकित भारती ने दो बार से विधायक रहे व निषाद पार्टी -भाजपा गठबंधन प्रत्याशी सुभाष पासी को पटखनी दे दी। इससे पहले अंकित भारती करंडा द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित भी हैं। सुभाष पासी दो बार सपा से विधायक रहे,लेकिन चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।

जंगीपुर से वीरेंद्र यादव दूसरे बार जीते

जंगीपुर सीट पर सपा प्रत्याशी वीरेंद्र यादव दूसरी बार जीत हासिल कर सीट पर अपनी परिवार की विरासत को कायम रखा है। 2012 के परिसीमन में सीट सृजित होने के बाद उनके पिता कैलाश यादव ने जीत हासिल की थी। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी किस्मतिया देवी निर्वाचित हुईं। 2017 के भगवा लहर में भी सपा के वीरेंद्र यादव जीत हासिल करने में सफल रहे।

जमानियां से ओमप्रकाश सिंह विजयी

जमानियां से सपा प्रत्याशी व कद्दावर नेता ओमप्रकाश सिंह ने भाजपा विधायक सुनीता सिंह को हराकर पिछले हार का बदला चुकता कर लिया है। सीट पर बसपा और कांग्रेस से मुस्लिम प्रत्याशी होने के बावजूद सपा प्रत्याशी ओमप्रकाश सिंह जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

मुहम्मदाबाद से सुहेब अंसारी जीते

प्रदेश की हाट सीटों में शुमार मुहम्मदाबाद सीट से सपा प्रत्याशी सुहेब अंसारी ने भाजपा विधायक अलका राय को करारी शिकस्त दी है। सुहेब अंसारी पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी के बेटे और मुख्तार अंसारी के भतीजे हैं। वह पहली बार चुनाव जीते हैं। इस सीट पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई थी।

'