Today Breaking News

MLC Election 2022: गाजीपुर से चंचल बलिया से रविशंकर और आजमगढ़-मऊ से अरुण बने भाजपा प्रत्याशी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर/वाराणसी. MLC Election 2022: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश में होने वाले स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव (MLC Election) के लिए 36 सीटों में से 30 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा शनिवार को की। इनमें बलिया स्थानीय प्राधिकरण से रविशंकर सिंह पप्पू, गाजीपुर से विशाल सिंह चंचल और आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकरण से अरुण कुमार यादव को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। जौनपुर, वाराणसी सोनभद्र समेत प्रदेश की छह सीटों पर अभी भाजपा की ओर प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है। 

2017 के विस चुनाव में आजमगढ़ के एकमात्र भाजपा विधायक रहे अरुण

आजमगढ़ में भाजपा के टिकट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले की फूलपुर-पवई सीट से पार्टी के एकमात्र विधायक रहे अरुण कुमार यादव इसी सीट पर इस बार सपा से चुनाव जीते विधायक रमाकांत यादव के पुत्र हैैं। अबकी जब सपा ने रमाकांत को टिकट दिया तो भाजपा ने यहां से अरुण के बजाय रामसूरत राजभर को मैदान में उतारा। अब अरुण को पार्टी ने एमएलसी चुनाव के लिए आजमगढ़-मऊ सीट से प्रत्याशी बनाया है। अब यहां सपा के राकेश कुमार यादव गुड्डू और भाजपा के अरुणकांत यादव के बीच कड़े मुकाबले की संभावना है।

बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर फिर मैदान में

बलिया स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू को टिकट दिया है। बीटेक शिक्षा प्राप्त रविशंकर सिंह पहली बार 2004 में समाजवादी जनता पार्टी (सजपा) से एमएलसी चुने गए। दूसरी बार 2009 में बसपा से तथा तीसरी बार 2015 में सपा प्रत्याशी के रूप में विधान परिषद सदस्य बने। इस बार वह भाजपा के टिकट से मैदान में हैैं।

गाजीपुर से चंचल पर पार्टी ने फिर जताया भरोसा

गाजीपुर में निवर्तमान एमएलसी विशाल सिंह चंचल को भाजपा ने गाजीपुर से प्रत्याशी बनाया है। पेशे से व्यवसायी चंचल 2012 में निर्दल चुनाव लड़े और सपा के डा. सदानंद सिंह को पराजित कर एमएलसी चुने गए। इसके बाद 20 अक्टूबर, 2016 को उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। गत सात मार्च को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। इस बार फिर से वह भाजपा के बैनर तले मैदान में उतरेंगे।

'