Today Breaking News

पूर्वांचल की 61 सीटों में 'कमल पर साइकिल भारी', हार के बाद भी सपा के लिए पूर्वांचल में दिखी 'संभावना'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. यूपी चुनाव में भाजपा को भले ही भारी बहुमत हासिल हुआ हो लेकिन पूर्वांचल का गढ़ सपा के खाते में ही आया है। दरअसल पूर्वांचल में भाजपा, निषाद पार्टी और अपना दल (अनुप्रिया) के गठबंधन ने जहां 29 सीटें हासिल की हैं वहीं समाजवादी पार्टी, सुभासपा और अपनादल कमेरावादी गठबंधन ने 31 सीटें हासिल की हैं। वहीं प्रदेश भर में इकलौती बसपा की सीट बलिया के रसड़ा से पार्टी को मिली है। इस लिहाज से पूर्वांचल में सपा गठबंधन भाजपा गठबंधन पर भारी रहा है। प्रदेश का चुनाव परिणाम जो भी रहा हो लेकिन पूर्वांचल की 61 सीटों पर सपा गठबंधन के उम्‍मीदवारों ने कई जगहों पर काफी करीबी मतों से मात भी खाई है। 

पूर्वांचल का चुनाव परिणाम इस लिहाज से सपा के लिए संजीवनी की भांति है। आजमगढ़ की दसों सीट पर सपा ने दोबारा जीत हासिल कर अखिलेश के संसदीय सीट आजमगढ़ में दबदबा साबित भी किया है। वहीं जहूराबाद से सहयोगी दल सुभासपा के अध्‍यक्ष ओमप्रकाश ने भी विरोधी दांवपेंच को मात देकर जीत हासिल कर अपनी पकड़ साबित की है। जबकि भाजपा की ओर से दिग्‍गज नेताओं के चुनाव प्रचार के बीच भी बहुत से उम्‍मीदवार पार्टी के हित में सीटें निकाल पाने में सफलता हासिल नहीं कर सके। जबकि आजमगढ़ और गाजीपुर में सपा-सुभासपा फैक्‍टर ने सभी सीटों पर साइकिल और छड़ी को मजबूती दी है।    


वाराणसी में आठ भाजपा, मीरजापुर में पांच भाजपा, सोनभद्र में चार सीटों पर भाजपा गठबंधन। आजमगढ़ में दस और गाजीपुर में सात पर सपा गठबंधन। बलिया में भाजपा दो, बसपा एक, सपा ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। जौनपुर में पांच सपा और चार भाजपा गठबंधन के पक्ष में सीटें गई हैं। भदोही में दो भाजपा और एक सपा को सीट मिली है। मऊ में तीन सपा और एक भाजपा को सीट मिली है। चंदौली में भाजपा को तीन और सपा को एक सीट मिली है। 


1- वाराणसी में देर शाम जारी परिणामें में पिंडरा से डा. अवधेश सिंह, शिवपुर से अनिल राजभर (मंत्री), सेवापुरी से नील रतन सिंह पटेल, अजगरा से टी राम, रोहनियां से सुनील पटेल (अद-एस), वाराणसी उत्तरी से रवींद्र जायसवाल (मंत्री), वाराणसी दक्षिण से डा. नीलकंठ तिवारी (मंत्री), वाराणसी कैंट से सौरभ श्रीवास्तव ने जीत हासिल की है। 


2- बलिया में बलिया नगर से दयाशंकर सिंह भाजपा से 102965 मत, बिल्थरारोड से हंसू राम सुभासपा से 78995 मत, फेफना से संग्राम सिंह यादव सपा से 91563 मत, रसड़ा में उमाशंकर सिंह बसपा से 87089 मत, सिकंदरपुर से जियाउद्दीन रिजवी सपा से 75222, बांसडीह में केतकी सिंह निषाद पार्टी से 102164 मत बैरिया में जयप्रकाश अंचल ने सपा से 70749 मत प्राप्‍त किया है।


3- गाजीपुर की जहूराबाद-377 पर सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, जखनियां -373 में सुभासपा-सपा के बेदी राम, मुहम्मदाबाद-378 में सपा के सुहेब अंसारी, जंगीपुर-376 में सपा के वीरेंद्र यादव, सैदपुर 374 में सपा के अंकित भारती, जमानियां -379 में सपा के ओमप्रकाश सिंह, गाजीपुर सदर -375 में सपा के जयकिशन साहू को जीत मिली है। इस प्रकार गाजीपुर में सपा के पास सभी सीटें गईं।


4- आजमगढ़ में ‘गढ़’ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सपा ने जीत का रिकार्ड बनाया है। अतरौलिया विधानसभा सीट पर सपा के डा. संग्राम यादव, गाेपालपुर में सपा के नफीस अहमद, सगड़ी में सपा के एचएन पटेल, मुबारकपुर में सपा के अखिलेश यादव, आजमगढ़ सदर सीट पर सपा के दुर्गा प्रसाद यादव, निजामाबाद विधानसभा सीट पर सपा के आलमबदी, फूलपुर-पवई में रमाकांत यादव, दीदारगंज में सपा के कमलाकांत राजभर, लालगंज (सुरक्षित) में सपा के बेचई सरोज, मेंहनगर (सुरक्षित) सीट पर सपा की पूजा सरोज ने जीत हासिल की है। 


5- जौनपुर में जफराबाद 371 पर सुभासपा के जगदीश नारायण राय, मल्हनी 367 में सपा के लकी यादव, मुंगराबादशाहपुर 368 में सपा के पंकज पटेल, मछलीशहर, 369 में सपा की डाक्टर रागिनी सोनकर, बदलापुर, 364 में भाजपा के रमेश चंद्र मिश्रा, जौनपुर 373 में भाजपा के गिरीश चंद्र यादव, मड़ियाहूं 370 में डाक्टर आरके पटेल (भाजपा सहयोगी दल), केराकत 372 में सपा के तूफानी सरोज, शाहगंज 365 में निषाद पार्टी के रमेश सिंह ने जीत हासिल की हैं।


6- सोनभद्र में राबर्ट्सगंज सीट से भाजपा के भूपेश चौबे, घोरावल सीट से अनिल मौर्या, ओेबरा सीट पर भाजपा प्रत्याशी समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोड़, दुद्धी में पहली बार भाजपा के प्रत्याशी राम दुलार गोड़ ने जीत हासिल की है।


7- मऊ में मधुबन में भाजपा के रामविलास चौहान, घोसी में सपा के दारा सिंह चौहान, मुहम्‍मदाबाद गोहना से सपा के राजेंद्र कुमार, मऊ सदर से सुभासपा के अब्‍बास अंसारी।


8- चंदौली में सकलडीहा विस सीट पर सपा के प्रभुनारायण सिंह यादव, सैयदराजा सीट पर भाजपा के सुशील ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। चकिया में भाजपा के कैलाश खरवार, मुगलसराय से भाजपा के रमेश जायसवाल। 


9- भदोही में ज्ञानपुर सीट पर बीते बीस वर्षों से काबिज विजय मिश्र को हराकर भाजपा सहयोगी दल निषाद पार्टी के विपुल दुबे विजयी रहे। भदोही सीट पर सपा के जाहिद बेग ने जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा जबकि औराई सीट पर भाजपा के दीनानाथ भास्कर दूसरी बार कमल खिलाने में कामयाब रहे।


10- मीरजापुर में सदर विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान में ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल, चुनार में वर्तमान विधायक अनुराग सिंह, मझवां सीट पर भाजपा गठबंधन से निषाद पार्टी के उम्मीदवार डा. विनोद बिंद, छानबे सीट से भाजपा गठबंधन से अपना दल एस के प्रत्याशी राहुल प्रकाश कोल ने जीत हासिल की है।

'