Today Breaking News

गाजीपुर जिले के गहमर में मछुआरों को मिला हैंडग्रेनेड, बच्‍चों के हाथ में देखकर मची सनसनी - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. Hand Grenade found in Gahmar Ghazipur: एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में सेना में काम करने वाले सर्वाधिक लोग हैं। आर्मी की पृष्ठभूमि वाले गाजीपुर जिले के गहमर क्षेत्र में मछुआरों को हैंड ग्रेनेड मिला तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन फानन इस मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने शीर्ष अधिकारियों को इस बाबत सूचना देने के साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं स्‍थानीय मछुआरों के अनुसार हैंड ग्रेनेड पूरी तरह जिंदा होने की वजह से लोगों के बीच दहशत का माहौल भी बना हुआ है। दूसरी ओर जहां से हैंड ग्रेनेड मिला है वहां और भी घातक हथियार होने की आशंका में लोग दहशत में आ गए हैं।   

Hand Grenade found in Gahmar Ghazipur

गहमर थाना क्षेत्र के जरही स्कूल के पास बुधवार की सुबह मछली पकड़ते समय मछुआरों को जलस्राेत के पास जिंदा हैंडग्रेनेड मिला तो यह बातजंगल में आग की तरह फैल गई। इस मामले की सूचना तत्‍काल पुलिस को दी गई तो वह जांच के लिए हैंडग्रेनेड को अपने साथ ले गई। वहीं स्थानीय स्तर पर भी पुलिस पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। सेना से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस प्रशासन भी सेना को सूचना देने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि सेना से जुड़े किसी व्‍यक्ति द्वारा ही यह हैंड ग्रेनेड को यहां फेंका गया होगा। 

पुलिस के कब्‍जे में मौजूद हैंड ग्रेनेड में काफी मिट्टी भी लगी होने के साथ ही ग्रेनेड में पिन यथावत लगी हुई है। ऐसे में हैंड ग्रेनेड के जिंदा होने की ही आशंका है। वहीं उसे संभालकर पुलिस की निगरानी में सुरक्षित रख दिया गया है। गहमर में हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में वरिष्‍ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। पुलिस के अनुसार इस घातक बम के मिलने के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। बरामदगी के बाद जांच भी शुरू कर दी गई है। 

बच्‍चों के हाथ में था हैंड ग्रेनेड : गहमर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में जरही प्राथमिक विद्यालय पश्चिमी के पास गड़ही में मछली मारते समय कुछ लड़कों के हाथ हैंडग्रेनेड लग गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तब तक स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर थाने चली आई। मंगलवार की सुबह कुछ लड़के मछली मारने के लिए गड़ही के पास गए। 

गड़ही में वह मछली मार रहे थे, इसी दौरान उनके हाथ हैंडग्रेनेड लग गया। लड़के उसे हाथ में लेकर वहीं खड़े थे। इसी दौरान वहां गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर पड़ी। उन्होंने लड़कों के हाथ में हैंडग्रेनेड देखकर उसे ले लिया और पुलिस को सूचित किया। कुछ देर में यह खबर तेजी से फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के अनुसार वह जिंदा हैंडग्रेनेड लग रहा था, जिसमें जंक लगा हुआ था। पुलिस ने हैंडग्रनेड को एक कमरे में रख दिया है।

पु‍लिस ने कहा डमी : उच्चाधिकारियों को सूचित करने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह डमी है। जिंदा हैंडग्रेनेड नहीं है।पुलिस के अनुसार सुरक्षा करणों से इसकी जांच के लिए बम निरोधक दस्ता आ रहा है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बताया कि वह डमी है, जिंदा हैंडग्रेनेड नहीं है। पुलिस के अनुसार ग्रेनेड में मिट्टी और जंग लगे होने से इसके कुछ समय पुराना होने की उम्‍मीद है। 

सेना से संबंध : गहमर एशिया का सबसे बड़ा गांव है और इसे सैनिक बाहूल्य गांव भी कहा जाता है। प्रत्येक घर का कम से कम एक सदस्य आर्मी का जवान है। ऐसे में उसका संबंध भारतीय सेना से भी होने का अंदेशा जताया जा रहा है। माना जा रहा है कि किसी सेना से जुड़े व्‍यक्ति द्वारा ही इसे लाकर यहां रखने में असुरक्षा महसूस होने के बाद संभवत: तालाब में फेंक दिया गया होगा।

'