Today Breaking News

भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर पर हुआ पथराव - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भाजपा बिरनो मंडल अध्यक्ष मन्नू राजभर के घर पर अराजक तत्वों ने हमला कर पथराव कर दिया। इससे वह घायल हो गए। वहीं भैरोपुर के ग्राम प्रधान कार्तिक राम सहित दर्जनों लोगों ने घर में छुपकर अपनी जान बचाई। तहरीर पर पुलिस ने एक दर्जन नामजद और दर्जनों अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चार को गिरफ्तार किया है।

बीते शनिवार को 10 महीने से बर्खास्त चल रही भैरोपुर गांव के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को आवंटित करने के लिए उप जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्रामसभा में खुली बैठक कर मतदान संपन्न कराया गया, जिसमें दीपमाला ने 60 मतों से रामदुलारी को पराजित किया। इससे खुन्नस खाए अराजक तत्व रात नौ बजे बिरनो भाजपा मंडल अध्यक्ष मन्नू राजभर के घर पर पहुंचे और अपने परिवार व कुछ लोगों के साथ बैठे मंडल अध्यक्ष पर लाठी-डंडे से वार करने के साथ ही पत्थरबाजी करने लगे, जिसमें कुछ लोगों को चोटें भी आई और सभी ने घर में छुप कर अपनी जान बचाई।

मामले को लेकर रविवार की सुबह भाजपा पदाधिकारी बिरनो थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष व कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी से मिलकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करने लगे। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 12 नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। क्षेत्राधिकारी विजय आनंद शाही बताया कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य की तलाश की जा रही है। थाना पहुंचे पदाधिकारियों में बिरनो ब्लाक प्रमुख राजन सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, रामनरेश कुशवाहा, शैलेश राम, आकाश राजभर, चतुर्भुज चौबे, ग्राम प्रधान कार्तिक राम, रमेश सिंह, मनोज सिंह, विनोद गुप्ता, अंशु सिंह, अवधेश राजभर सहित दर्जनों शामिल रहे।

'