Today Breaking News

राजधानी में बदला मौसम का मिजाज, छाए काले बादल और चलीं ठंडी हवाएं; जानें ताजा मौसम अपडेट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ में आज मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बादल छाएं हुए हैं। वहीं ठंडी-ठंडी हवाएं लोगों को राहत दे रही हैं। इतने दिनों से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोग बुधवार की सुबह रिवरफ्रंट पर मौसम का आनंद लेते हुए दिखाई दिए। मौसम सुहाना होने से लोगों में खुशी की लहर है। बता दें कि बीते दिनों गर्मी ने लोगों को बीमार कर दिया था। अस्‍पताल में भी उल्‍टी दस्‍त के मरीजों की लाइन लग गई थी।   

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर, लखनऊ सहित कई जगहों पर हल्के बादल छाए रहने की संभावना अभी भी बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 मई तक गरज-चमक के साथ तेज तूफानी हवाएं और बारिश होने के आसार हैं।

अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से लोगों को राहम मिलेगी। इस समय प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 से नीचे या इसके आस-पास तो वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। 

मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि वाराणसी में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल दिखेंगे। 

'