Today Breaking News

मैं ससुराल नहीं जाऊंगी..चढ़ा दुल्हन का पारा और विदाई से किया इन्कार, पुलिस तक पहुंची बात

गाजीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. कानपुर जिले के घाटमपुर के साढ़ थानाक्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के बीच उस समय अफरा तफरी मच गई, जब जेवर देखकर नाराज दुल्हन ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। दुल्हन के घरवालों ने पहले समझाने का प्रयास किया लेकिन बाद में उसकी जिद के सामने वो भी कुछ नहीं कर सके। इसपर वर पक्ष ने विदाई के लिए दबाव बनाना चाहा तो बात बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा और फिर पंचायत के बाद बात बन सकी।

दरअसल, साढ़ थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार रात आए बराती शनिवार दोपहर तक दुल्हन की विदाई का इंतजार करते रहे लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। बिरहर चौकी क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को बिधनू क्षेत्र के एक गांव से बरात आई थी। नाचते गाते बराती दुल्हन के दरवाजे पहुंचे तो जनातियों ने अगवानी करने के बाद द्वारचार की रस्म अदा की। इसके बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा तो कुछ देर में सहेलियां दुल्हन को भी लेकर आ गईं। यहां दूल्हा और दुल्हन ने एक दूसरे को जयमाला पहनाई।

नकली जेवर देख भड़की दुल्हन : मंडप में दुल्हन पहुंची और दूल्हे के परिवार के लोगों ने चढ़ावे की रस्म हुई और फिर दूल्हा दुल्हन के बीच फेरे पड़े। इसके बाद दुल्हन को चढ़ावे जेवर पहनाए गए तो चर्चाएं शुरू हो गईं। घर के लोगों ने जेवर देखे तो उनके होश उड़ गए और जानकारी दुल्हन तक पहुंची तो वो भड़क गई। चढ़ावे में नकली जेवर जाने पर दुल्हन ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। कन्या पक्ष ने वर पक्ष से चढ़ावे में कुछ ज्वैलरी आर्टिफिशियल लाने की बात कही। इसपर विवाद शुरू हो गया और हंगामा हो गया।

कन्या पक्ष ने दूल्हे को बिठाकर असली ज्वैलरी की मांग की गई और न देने पर दुल्हन को विदा करने से मना कर दिया। जानकारी पाकर साढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों पक्ष थाने आ गए। पूरा दिन दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत चलती रही। आखिरकार शाम को बात बनने पर दुल्हन को विदा किया गया। साढ़ एसओ मंसूर अहमद ने बताया कि दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है, किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।

'