Today Breaking News

पीडीडीयू और गया जंक्शन का 550 करोड़ से होगा कायाकल्प, यात्री प्रतीक्षालय व फुड प्लाजा का होगा इंतजाम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली. पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के दो जंक्शन का लगभग 550 करोड़ से कायाकल्प होगा। यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। प्रथम चरण में गया व द्वितीय चरण में पीडीडीयू जंक्शन का स्वरूप बदेगा। इस दौरान प्रथम तल वातानुकूलित कार्यालय, यात्री प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा व खानपान स्टाल का निर्माण होगा।

प्रथम तल से एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए स्वचालित सीढ़ी व लिफ्ट लगाई जाएगी। दिव्यांगों की सुविधा का भी ख्याल रखा जाएगा ताकि उन्हें आवाजाही में दिक्कत न हो।

वर्षों पुराने हो चुके स्टेशनों का सुंदरीकरण करने साथ ही निर्माण कार्य भी कराया जाना है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। सर्कुलेटिंग एरिया से निर्माण कार्य शुरू कर स्टेशन परिसर तक प्रथम तल का निर्माण कराया जाएगा। यात्री आसानी से जंक्शन में प्रवेश कर जाएंगे। यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने का मार्ग भी सुगम होगा। प्रथम तल पर ही पेयजल से लेकर खानपान तक की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

ए श्रेणी में शुमार है गया व पीडीडीयू जंक्शन

हावड़ा-दिल्ली रेललाइन पर गया व पीडीडीयू जंक्शन है। दोनों ही अति महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से रोजाना हजारों की तादाद में यात्रियों की आवाजाही होती है। पीडीडीयू जंक्शन से देश के कोने-कोने तक जाने के लिए ट्रेन मिलती हैं। माल ढुलाई से लेकर राजस्व वसूली तक जंक्शन ने अपना लोहा मनवाया है। जंक्शन पर यात्री सुविधा बढ़ेंगी तो यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा।

दो चरण में होगा निर्माण

जंक्शन पर निर्माण कार्य करने के लिए दो श्रेणी में योजना बनाई गई है। प्रथम चरण में देश के 50 स्टेशन का कायाकल्प होगा। पहले चरण में ही गया का स्वरूप बदलेगा। इसके बाद दूसरे चरण में चिह्नित दो सौ स्टेशनों में से पीडीडीयू जंक्शन भी शामिल है। निर्माण कार्य पर दोनों बार लगभग 270-270 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

प्रथम फेज में गया और द्वितीय फेज में पीडीडीयू जंक्शन पर कार्य कराया जाएगा

प्रथम फेज में गया और द्वितीय फेज में पीडीडीयू जंक्शन पर कार्य कराया जाएगा। निर्माण के बाद यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी। -राजेश कुमार पांडेय, डीआरएम, पीडीडीयू मंडल

'