Today Breaking News

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी घायल, साथी फरार - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर क्षेत्र के धामुपुर गांव के पास रविवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल को सदर अस्पताल रेफर किया गया है। 

घायल की पहचान जंगीपुर क्षेत्र के नसीरपुर निवासी रणजीत सिंह उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पिछले दिनों डिलीवरी ब्वाय से 30 हजार रुपये की लूट में वह फरार था। पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने फरार दो बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।

एक दिन पूर्व दुल्लहपुर एसओ शैलेश कुमार मिश्रा ने फरार बदमाश के घर दबिश दी थी लेकिन घर पर वह नहीं मिला। स्वजन ने पुलिस को बताया कि वह बनारस में है। रविवार की रात दस बजे वह जलालाबाद अमारी रेलवे गेट से हंसराजपुर की तरफ जा रहा था। अमारी रेलवे गेट पर पुलिस पर फायर कर भागने लगा। पीछा कर रही पुलिस टीम से धामुपुर शहीद गेट के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस फायरिंग में दाहिने पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। वहीं एक अंधेरे में भागने में सफल हो गया।