Today Breaking News

सीएम योगी की डिनर डिप्‍लोमेसी से बदलेंगे यूपी के सियासी समीकरण

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की डिनर डिप्‍लोमेसी से यूपी के सियासी समीकरण बदलते दिख रहे हैं। एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के दौरे के मौके पर इस डिप्‍लोमेसी ने यूपी में नये राजनैतिक समीकरणों की नींव रख दी है। सपा की अपने दोस्तों से बढ़ती दूरी का लाभ उठा भाजपा ने उनसे नजदीकियां बढ़ा ली हैं।

नतीजा यह हुआ कि सीएम योगी से नाराजगी के नाम पर भाजपा का दामन छोड़ने वाले राजभर उन्हीं योगी के बुलावे पर दौड़े चले आए। शिवपाल के सुर तो चुनाव बाद से ही गैर सपाई थे। इस डिनर डिप्लोमेसी को 2024 के गुणा-गणित से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी स्थायी नहीं होती, राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगने आईं मुर्मू के दौरे में फिर इस बात की पुष्टि हुई। बीते चार साल से अधिक समय से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख राजभर भाजपा को पानी पी-पीकर कोसने में जुटे थे। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने उन्हें साथ लेने का प्रयास किया मगर वे नहीं माने।

रामपुर और आजमगढ़ के हालिया उपचुनाव के नतीजों ने बहुत कुछ बदल दिया।आजमगढ़ में भाजपा की जीत के साथ ही राजभर के जल्द पाला बदल की संभावनाएं बढ़ गई थीं। आजमगढ़ की हार भले ही अखिलेश यादव के खाते में गई हो मगर इसने ओपी राजभर को भी बड़ा झटका दे दिया। दरअसल योगी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह लगातार राजभर के संपर्क में थे।

सियासी अपरिपक्वता से सपा कमजोर हो रही : शिवपाल

सपा विधायक व प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा है कि अखिलेश यादव ने हमारी सलाह ली होती तो आज सपा की स्थिति कुछ और होती। राजनीतिक अपरिपक्वता के चलते पार्टी कमजोर होती जा रही है। सब लोग एक एक करके साथ छोड़ रहे हैं। शिवपाल ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान किया है। उन्होंने मीडिया से कहा कि जिस समाजवादी पार्टी को मैंने नेताजी के साथ मिलकर खड़ा किया, अब वहां मुझे पूछा नहीं जा रहा.

'