Today Breaking News

नीरज चोपड़ा के साथ फाइनल में दमखम दिखाएंगे पूर्वांचल के रोहित यादव, मेडल जीतने के लिए की पूजा-अर्चना

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. अमेरिका में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप की जैवलिन थ्रो प्रतिस्पर्धा के फाइनल में टोक्यो ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के साथ रोहित यादव ने क्वालीफाई किया है। सुबह 7:05 मिनट पर फाइनल मुकाबले की जंग शुरू हो जाएगी। भारत अगर जैवलिन थ्रो में मेडल जीतने में सफल होता है तो 18 साल का लंबा इंतजार खत्म हो जाएगा। जौनपुर के रोहित यादव की जीत के लिए माता पिता ने पूजा अर्चना भी की है। पिता को उम्मीद है कि बेटा रोहित और नीरज चोपड़ा देश के लिए मेडल लाएंगे। प्रतियोगिता अमेरिका के ओरेगॉन शहर के स्टेडियम में होगी।

टॉप 12 में बनाई जगह

जैवलिन थ्रो की प्रतियोगिता में कुल 34 एथलीट्स ने भाग लिया था। मुकाबले में ग्रेनेडियन, जर्मनी, फिनलैंड इजिप्ट, पाकिस्तान, यूएसए, जापान और भारत के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। भारत की तरफ से नीरज चोपड़ा और रोहित यादव ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। नीरज चोपड़ा ने क्वालीफाई करने के लिए 88.39 मीटर तो वहीं रोहित यादव ने 80.42 मीटर जैवलिन थ्रो किया था।

पहले भी कारनामा कर चुके हैं रोहित

फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बना चुके रोहित यादव पहले भी जैवलिन थ्रो में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। रोहित यादव ने जैवलिन खेल की शुरुआत 2014-15 में की थी। 21 साल के रोहित ने खेल को जुनून बना लेने के बाद कभी पीछे मुड़कर वापस नहीं देखा। 6 फरवरी 2021 को गुवाहाटी में हुए अंडर 20 एज ग्रुप के मुकाबले में रोहित यादव ने 77.86 मीटर थ्रो किया था। 9 मई 2022 को इंडियन ओपन चैंपियनशिप जमशेदपुर में 78.31 मीटर का जैवलिन थ्रो किया। 2015 में हुई विश्व स्कूल गेम चैंपियनशिप में रोहित स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर चुके हैं।

रोहित ने कहा- बेस्ट करूँगा

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स के जैवलिन थ्रो फाइनल मुकाबला ने क्वालीफाई करने के बाद रोहित यादव ने बताया है कि वह फाइनल मुकाबले में अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि वह 82 मीटर के आसपास का थ्रो की क्षमता रखते हैं। फाइनल मुकाबले के लिए उन्होंने अपने आप को तैयार किया हुआ है।

परिजनों को मेडल की उम्मीद

रोहित यादव के पिता सभाजीत यादव अपने बेटे के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। मीडिया से बातचीत में सभाजीत यादव ने बताया कि बेटे को फाइनल मुकाबले में मेडल मिले इसके लिए घरवाले पूजा अर्चना भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह मुकाबला देखने के लिए आस-पड़ोस के लोगों की मदद से उन्होंने इंतजाम कर लिए हैं। बेटे के बारे में बताते हुए सभाजीत यादव कहते हैं कि रोहित देश के लिए मेडल आएगा। नीरज चोपड़ा के साथ वह लगातार जैवलिन थ्रो की प्रैक्टिस कर रहा है।

'