Today Breaking News

पूर्वांचल में फ‍िर सक्रिय हो रहा मानसून, 48 घंटे के भीतर झमाझम वर्षा के आसार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी/गोरखपुर. पूर्वांचल के जिले में गर्मी से बेहाल लोगों को अगले 48 घंटे में राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडे ने यह पूर्वानुमान जताते हुए कहा है कि मानसून ट्रफ लाइन 12 जुलाई के करीब उत्तर की तरफ आने की संभावना है। इससे झमाझम वर्षा के आसार बनेंगे। ऐसे में लोगों को अभी 24 से 48 घण्टे तक और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

आषाढ़ में भी पड़ी भीषण गर्मी

आषाढ़ आम तौर पर झमाझम वर्षा के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां आषाढ़ समाप्त होने वाला है और यहां पसीने के वर्षा हो रही है। पंखे की हवा में भी लोग पसीने से भीग जा रहे हैं। चटक धूप में लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। दिन दहक रहा है और रात तप रही है। गर्मी से बेहाल लोग वर्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। दिन में कई बार बादल छा रहे हैं, लेकिन वर्षा नहीं हो रही है। रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया कि सोमवार को वार आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

प्रचंड गर्मी से बेहाल किसान पिछले कई दिनों से कर रहे वर्षा की प्रतीक्षा

रविवार सुबह के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई है, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। सुबह का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। यह जुलाई के औसत से करीब 1.0डिग्री सेल्सियस अधिक है। बता दें जुलाई माह का औसत न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस है। सुबह पंखे की हवा में भी लोग पसीने से तरबतर दिखे। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह जुलाई के औसत तापमान से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। जुलाई का औसत अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस है।

बार‍िश न होने से मुरझाने लगी फसल

दो दिन पूर्व हुई वर्षा से किसानों ने रोपाई तेज कर दी थी, लेकिन अब चटक धूप से उनकी फसल फिर से मुरझाने लगी है। लोग अब वर्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। किसानों का मानना है कि स्थिति यही रही तो उनकी फसलों को भारी नुकसान होगा। तमाम किसान अभी भी अपने धान की रोपाई नहीं कर सकेे हैं। वह प्रतीक्षा कर रहे हैं कि वर्षा हो और अपने खेतों की रोपाई शुरू करें।

'