Today Breaking News

अश्लील हरकत का विरोध किया तो बुजुर्ग ने बाल नोच कर बुरी तरह पीटा - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें बुजुर्ग गांव की दलित महिला को सड़क पर गिराकर बुरी तरह से पीट रहा है। महिला ने बुजुर्ग की अश्लील हरकत का विरोध किया था। इस पर बुजुर्ग भड़क गया और महिला को गालियां देने लगा।

सरेराह छेड़खानी और बदतमीजी से गुस्साई महिला ने चप्पल उतारकर बुजुर्ग को मार दी। इसके बाद बुजुर्ग आग-बबूला हो गया। बाल पकड़कर महिला को तीन बार सड़क पर पटका और थप्पड़ मारे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए। इसके बाद बुजुर्ग को अलग किया गया।

घटना मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र की है। शनिवार की इस घटना का वीडियो सपा विधायक शोएब अंसारी ने शेयर किया। इसके बाद पुलिस ने मामले ने संज्ञान लिया। पुलिस तलाश करती हुई पीड़ित महिला तक पहुंची। तहरीर लेकर केस दर्ज किया।

महिला ने बताया, बुजुर्ग ने गलत इशारे किए

पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि वह दवा लेने के लिए जा रही थी। तभी गांव के ही दबंग बुजुर्ग नीरज ने उसने छेड़छाड़ की। उनको गलत तरीके से इशारे किए। उन्होंने विरोध किया तो उनकी बुरी तरह से पिटाई की। वहीं, पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग दबंग किस्म का है। उसके खिलाफ पहले भी शिकायत आ चुकी है। अभी वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी नीरज दबंग है। इसलिए, उससे कोई बोलता नहीं है। उसकी शादी नहीं हुई है। वह अक्सर महिलाओं को कमेंट करता है। वहीं, दूसरी तरफ महिला घरों में मजदूरी करती है। शनिवार को बेटे की तबीयत खराब थी। वह दवा लेने जा रही थी। तभी बुजुर्ग ने छेड़खानी की थी।

इस मामले में मुहम्मदाबाद कोतवाल अशोक मिश्रा का कहना है कि विधायक की पोस्ट के बाद मामला संज्ञान में आया। आरोपी बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।

'