Today Breaking News

राजधानी एक्‍सप्रेस में छेड़खानी, GRP ने आर्मी के जवान को किया गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली. ट्रेन में सफर के दौरान महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाए जाने का दावा हवाहवाई साबित होने लगा है। सितंबर में राजधानी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन में छेड़खानी की यह तीसरी घटना है। शनिवार की रात 20839 अप रांची-नई दिल्ली राजधानी में महिला यात्री के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत होकर आर्मी जवान ने महिला यात्री से बदसलूकी की। पीडीडीयू जीआरपी ने आरोपित को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया।

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-5 के बर्थ नंबर 47 पर एक महिला यात्री सफर कर रही थी। उसी कोच के बर्थ नंबर 55 पर राजीव कुमार नामक व्यक्ति भी सफर कर रहा था। दोनों रांची से नई दिल्ली की यात्रा पर थे। महिला का आरोप है कि ट्रेन जब रांची से खुली तो सहयात्री उसके साथ बदसलूकी करने लगा। महिला के विरोध करने पर भी वह नहीं माना।

शराब के नशे में महिला के साथ अशब्द भाषा का प्रयोग करने लगा

वह शराब के नशे में महिला के साथ अशब्द भाषा का प्रयोग करने लगा। इसके बाद महिला ने ट्रेन में चल रहे टीटीई को पूरी बात बताई। टीटीई ने जीआरपी व आरपीएफ को सूचना दी। ट्रेन रात में 1.55 बजे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर सात पर पहुंची। पहले से मिली सूचना पर आरपीएफ के अवर निरीक्षक जेआथराम याद, महिला आरक्षी सुनीता मीना, राशिदा बानो, महिला अवर निरीक्षक ममता कुमारी प्लेटफार्म पर मौजूद रही। ट्रेन के आते ही जवान कोच में चढ़ गए और पीड़ित महिला से मिले। महिला ने लिखित तहरीर दी।

कब कब हुई घटना

बीते तीन सितंबर को डाउन 12314 नई दिल्ली- सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में महिला यात्री से नशे में धुत होकर आरोपित ने छेड़खानी की। वहीं 12 सितंबर को 12259 अप सियालदाह-बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस में अपनी सहेली के साथ सियालदाह से नई दिल्ली जा रही महिला यात्री के साथ व्यक्ति ने छेड़खानी की थी। अब 20839 अप रांची-नई दिल्ली राजधानी में घटना हुई है।

'