Today Breaking News

कृष्णा ने बढ़ाया जिले का मान, गोल्ड मेडल जीतकर लौटे गाजीपुर, लोगों ने किया स्वागत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 14वीं अक्षय कुमार इंटरनेशनल स्कूल प्रतियोगिता एवं 13वीं राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट का गुजरात में 25 से 30 अक्टूबर तक आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों से 2 हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कूडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के 41 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।

गाजीपुर के कृष्णा शर्मा ने अपना हुनर दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। गाजीपुर रेलवे स्टेशन पर कृष्णा के आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। गाजीपुर कूडो के अध्यक्ष छविनाथ यादव और मां शारदा सेवा ट्रस्ट के संरक्षक शेषनाथ यादव ने स्वागत किया और बताया कि गाजीपुर शिक्षा एवं खेलकूद के क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है। जल्द ही गाजीपुर में मां शारदा सेल्फ डिफेंस एवं फिटनेस एकेडमी की शुरुआत की जाएगी। इसमें लड़के और लड़कियों के लिए आत्मरक्षा जूडो कराटे, योगा, बॉक्सिंग, कुश्ती, ग्रेपलिंग, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, समाज कल्याण एवं शारीरिक स्वस्थ के लिए संस्थाएं खुलेगी।

खेलकूद से मन रहता है स्वस्थ

शेषनाथ यादव ने बताया कि खेलकूद के माध्यम से ही शरीर स्वस्थ रहता है। पढ़ाई में मन लगता है। मानसिक एवं शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने 24 घंटे के दिनचर्या में कम से कम 1 घंटा अपने सेहत पर ध्यान देना चाहिए।

परिजनों में हर्ष का माहौल

कृष्णा कुमार शर्मा के पिता जय प्रकाश शर्मा एक सामान्य किसान हैं। माता गृहणी हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर है। अपने में कौशल के बल पर कृष्णा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लेवल के प्रतियोगिता में गाजीपुर जिले को पदक दिला चुके हैं। सदर तहसील क्षेत्र के तलवल गांव निवासी कृष्णा कुमार शर्मा को यदि सरकारी मदद मिलती है तो वह भविष्य में और अच्छे प्रदर्शन कर सकते हैं। फिलहाल कृष्णा की कामयाबी पर उनके परिजनों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

'