Today Breaking News

ED ने मुख्तार से पूछा : कहां है अफ्शा अंसारी, माफिया बोला- मैं नहीं जानता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कस्टडी रिमांड पर लिए गए माफिया मुख्तार अंसारी से ईडी ने उसकी पत्नी अफ्शा अंसारी के बारे में पूछताछ की। बृहस्पतिवार को उससे पूछा गया कि अफ्शा अंसारी कहां है, कितने दिन पहले अफ्शा से बात हुई। इन सारे सवालों के जवाब में मुख्तार ने कहा कि वह नहीं जानता। विकास कंस्ट्रक्शन में लेन-देन से लेकर बेनामी संपत्तियों के बारे में भी मुख्तार से पूछताछ होती रही। 

ईडी ने अक्तूबर में जालौन व गाजीपुर स्थित करोड़ों की सात संपत्तियों को अटैच किया था। इनमें से कुछ संपत्तियां मुख्तार की पत्नी के नाम पर भी थीं। इन्हीं सब संपत्तियों के बारे में मुख्तार से पूछा गया। विकास कंस्ट्रक्शन में मुख्तार की पत्नी, ससुराल वाले तथा करीबियों को हुए करोड़ों के ट्रांजैक्शन के बारे में भी पूछा गया। ईडी के सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में मुख्तार से सुबह से ही पूछताछ शुरू हो गई थी। ईडी ने पहले से ही मुख्तार के लिए सवालों की सूची तैयार कर रखी थी। मुख्तार से अब्बास अंसारी और शरजील रजा उर्फ आतिफ से मिली जानकारियों के आधार पर सवाल पूछे गए।

पूर्वांचल के कई जिलों में मुख्तार के करीबियों में अरबों की संपत्ति खड़ी की है। माना जा रहा है कि सारी संपत्तियां कहीं न कहीं मुख्तार की ही हैं। ईडी ने मुख्तार से खातों में करोड़ों की संपत्तियों के लेन-देन के बारे में भी सवाल किए। इसके अलावा हवाला से जुड़े कुछ मामलों में पूछताछ हुई। पत्नी अफ्शा अंसारी के खिलाफ ईडी ने लुकआउट नोटिस जारी किया है। अफ्शा से जुड़े हर सवाल के जवाब में मुख्तार ने कहा कि वह कुछ भी नहीं जानता। ईडी ने मुख्तार के बयान की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई है।

विदेश यात्रा के बारे में सवाल 

ईडी ने मुख्तार की अब तक की सभी विदेश यात्राओं के बारे में पूछताछ की। वह विदेश में क्या करने गया था, किससे मिला, क्या वहां लेन देन किया, इन सब बातों के बारे में ईडी ने मुख्तार से सवाल किए।

'