Today Breaking News

गाजीपुर में सुबह-शाम कोहरे की धुंध, गलन बढ़ी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सर्द हवाओं के साथ कोहरे की धुंध ने रविवार की सुबह गाड़ियों की रफ्तार रोक दी तो गलन बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। आठ बजे के बाद धूप तो निकली, लेकिन गलन बरकरार रही। दिन ढलते ही ठिठुरन बढ़ने लगी तो समय से पहले ही दुकानों के शटर गिर गए और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

दिसंबर माह के आरंभ से जारी हुई ठंड का कहर लगातार जारी है। हर दिन लोग ठंड में बढ़ोत्तरी महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा सुबह व रात को कोहरा भी लोगों की मुश्किलों में इजाफा कर रहा है। दिन-रात चल रही शीतलहरी हाड़ कंपाने वाले ठंड को लगातार बढ़ा रही है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 26 तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था न होने से यात्रियों के साथ रिक्शा चालकों, ठेला व खोमचा वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कागज, गत्ता, गाड़ियों का पुराना टायर आदि जलाकर ठंड से बचाव का साधन बनाया जा रहा है।

नगर के लोगों का कहना है कि मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। इससे आमजन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी नौकरी-पेशा से जुड़े लोगों और दुकानदारों को झेलनी पड़ रही है। सुबह ठंड के साथ ही दिनचर्या शुरू करनी पड़ती है। अलाव की व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी उदासीन दिख रहा है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्री ठिठुरने को मजबूर है।

'