Today Breaking News

गाजीपुर में 124 क्रय केंद्रों पर 1.33 लाख एमटी धान की हुई खरीद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद में 124 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद की जा रही है, लेकिन खरीद की धीमी रफ्तार से निर्धारित लक्ष्य पूरा होना संभव नहीं दिख रहा है। हालांकि विभागीय अधिकारी धान खरीद की रफ्तार बढ़ाने में जुटे हुए हैं।

शासन के निर्देश पर गाजीपुर में दो लाख 15 हजार एमटी धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला विपणन अधिकारी रतन शुक्ला भी क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने में जुटे हुए हैं। केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि किसानों से संपर्क कर धान खरीद की रफ्तार बढ़ाएं। 

धान क्रय केंद्रों पर धान विक्रय करने के लिए करीब 38 हजार किसानों ने पंजीकरण कराया है। विपणन विभाग की ओर से लगातार प्रयास के बाद भी किसान क्रय केंद्रों पर धान विक्रय करने में रूची नहीं ले रहे हैं। अब तक 20 हजार 781 किसानों से एक लाख 33 हजार 541 एमटी धान की खरीद हुई है। इसमें 13 हजार 534 किसानों के खातें धनराशि पहुंच गयी है। 

जबकि सात हजार 247 किसानों के खातें में धनराशि नहीं पहुंची है। जिला विपणन अधिकारी रतन शुक्ला ने बताया कि ठंड व गलन के कारण क्रय केंद्रों पर खरीद की रफ्तार धीमी है। हालांकि केंद्रों का निरीक्षण करते हुए किसानों से धान विक्रय करनें की जागरूक किया जा रहा है। उन्होने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर किसान कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते है। धान विक्रय करने से पूर्व किसान पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण कराने के बाद ही क्रमानुसार ही धान की खरीद की जाएगी।

'