Today Breaking News

ग़ाज़ीपुर डिपो को मिली पांच नई बसों की सौगात - Ghazipur News

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर डिपो रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गाजीपुर डिपो को पांच नई बसों की सौगात मिली है। यह बसें कानपुर एवं सोनौली के लिए चलाई जाएंगी। 

ऐसे में दूर का सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थानीय डिपो के बेड़े में वर्तमान में 58 बसें हैं। यह बसें कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, मऊ, बलिया एवं आजमगढ़ के लिए चलाई जाती हैं। इसके साथ ही जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों शेरपुर, वीरपुर, मरदह, चिरैयाकोट, सरसेना, गोड़उर, वीरभानपुर के लिए भी इनका संचालन होता है। 

कुछ सप्ताह पहले निर्धारित मानक पूरा कर चुकी चार बसों को मार्ग से हटा दिया गया था। इसके चलते बसों की कमी हो गई थी। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निगम की ओर से डिपो को पांच नई बसें मुहैया कराई गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शाम चार बजे प्रयागराज होकर कानपुर जाने वाली दो बसें जो 11 लाख किमी से अधिक चल चुकी थीं उनको रिप्लेस कर दिया गया। 

इसी तरह शाम छह बजे फैजाबाद होकर कानपुर के लिए संचालित बस को भी रिप्लेस किया गया है। अब एक नई बस सुबह पांच बजे गोरखपुर होकर सोनौली के लिए चलाई जाएगी। इन नई बसों का किराया सामान्य रहेगा। नई बसें आने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। डिपो के बेड़े में 58 बसें हैं जिनमें चार मानक पूरा कर चुकी हैं उनको नीलाम करने के संबंध में प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही उन बसों को मार्ग से हटा दिया जाएगा। 

रोडवेज के स्थानीय डिपो के बेड़े में कुछ वर्ष पहले 83 बसें थीं। इसमें निर्धारित मानक पूरा करने के कारण 29 बसें नीलाम हो चुकी हैं। चार का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही नीलामी के लिए उनको मार्ग से हटा दिया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके पांडेय ने बताया कि डिपो को पांच नई बसें मिली हैं। शासन की मंशा है कि पुरानी बसें हटाकर यात्रियों को नई बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नई बसों का किराया सामान्य है।

'