Today Breaking News

नगर पालिका गाजीपुर का बजट सर्वसम्मति से हुआ पास, 50.5 करोड़ से होगा शहर का विकास

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नगर पालिका परिषद गाजीपुर की पुनर्निर्वाचित अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता एवं अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज की उपस्थिति में बोर्ड की प्रथम बैठक आज सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित सभी नव निर्वाचित सदस्यों का माल्यार्पण और बुके देकर हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।

इसके बाद आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 के अनुमानित आय रुपए 504960000.00 एवं अनुमानित व्यय रु0 504780000.00 का बजट पेश किया गया, जिस पर विधिवत चर्चा हुई। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया। इसके अतिरिक्त नगर में चल रहे विकास कार्यों पर भी विधिवत चर्चा हुई।

चर्चा में कहा गया कि जिन कार्यदायी एजेन्सी द्वारा अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल नोटिस भेजा जाए। उसके उपरान्त भी निश्चित अवधि तक जिनका कार्य पूर्ण नहीं होता है तो विधिक रूप से कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त जिन कार्यों की स्वीकृति के उपरान्त भी अभी तक निविदा नहीं निकाली गई है और कुछ कार्यों की पुर्ननिविदा निकलनी है उसे बिना देर किए तत्काल निविदा निकाली जाए।

लापरवाही पर अंकुश लगाने की मांग

नगर में पिछले 4-5 महीनों से चल रही सफाई व्यवस्था पर अधिकांश सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त किया एवं सफाई निरीक्षक के कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़ा किया। सभी सदस्यों ने एक स्वर से सफाई कार्यों में तत्काल तेजी लाने एवं अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही पर अंकुश लगाने की मांग की। पेयजल की बाधित आपूर्ति पर भी चिन्ता व्यक्त करते हुए इसमें सुधार की मांग की गई। इसके अतिरिक्त सीवर से हो रहे जनता की परेशानियों पर सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त किया और कार्यदायी संस्था जल निगम से सुधार करने की मांग की।

बैठक में यह लोग रहे मौजूद

बैठक में विवेक कुमार बिन्द (अवर अभियन्ता सिविल), पूजा सिंह, रफीउल्लाह खां (अवर अभियन्ता जल), मो. एहसान आलम (सफाई एवं खाद्य निरीक्षक), सत्यम राय, विशाल कुमार श्रीवास्तव (लिपिक) आदि के अलावा सभासदगण अनिता देवी, गुंजन, निलिमा, संजय कुमार, शनि चौरसिया, मीनू, अजय, अशोक, यस्मिन, परवेज अहमद, अभय कुमार, सुशील, संदीप श्रीवास्तव, अमीना खातून, सोमेशमोहन राय, सालेहा खातून, सुनील, उषा, अखिलेश यादव उपस्थित रहें।