Today Breaking News

गाजीपुर एसपी ने हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, बोले- कोई भी परेशानी होने पर कॉल करें

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर ग्राम पंचायत भवन पर आज था‌ना पुलिस के द्वारा महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बालिकाओं एवं महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के बारे में सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया।

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित हेल्प लाइन नंबरों के बारे में जैसे 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,1090 विमन पॉवर हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्प लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा,108 एंबुलेंस सेवा,1098 चाइल्ड हेल्प लाइन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को सशक्त बनाने और महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही प्रशासन के द्वारा कार्यक्रम के दौरान समाज में महिलाओं के सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु जागरूकता नवाचार शुरू कर महिला चौपाल के रूप में प्रस्तुत किया गया। चौपाल में पाक्सो, दहेज प्रथा, बाल विवाह आदि कानूनों की जानकारी दी।

आत्मरक्षा की दी जानकारी

इस दौरान थानाध्यक्ष ने महिलाओं को आत्मरक्षा एवं महिला कानूनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वह तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि आज की नारी अबला नहीं है, लेकिन आज भी गलत व्यक्ति का विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाती है।

बोले- डरने की नहीं है जरूरत

उन्होंने कहा कि अब उन्हें डरने की जरूरत नहीं। उपस्थित महिलाओं से उनकी विभिन्न समस्याओं को भी सुना गया और उसके निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, थानाध्यक्ष जंगीपुर और अन्य अधिकारी और कर्मचारी गण मौजूद थे।

'