Today Breaking News

दरोगा महिला से बोला- मैं भूखा हूं, एक बार मिल लो..तुम्हारी तन, मन, धन से सेवा करूंगा, ऑडियो वायरल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. कानपुर में एक दरोगा का पीड़ित महिला से आपत्तिजनक बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। शादीशुदा महिला पति के मारपीट करने की शिकायत करने उसके पास गई थी। तभी दरोगा मदद करने के पहले दोस्ती करने और अकेले में मिलने का दबाव बनाता है। दरोगा महिला से कहता है- दोस्ती करोगी कि नहीं।

इस पर महिला नहीं, अंकल कह कर अपना जवाब देती है। मामला सामने आने के बाद एडीसीपी अंकिता शर्मा ने साढ़ थाने में तैनात दरोगा तेजवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। इसकी जांच घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। वहीं, आरोपी दरोगा कहना है कि यह उसे बदनाम करने की साजिश है। ऑडियो उसका नहीं है।

सबसे पहले दरोगा और पीड़ित महिला से बातचीत के कुछ अंश पढ़िए...

पुलिस अफसर - फोन पर क्या बताऊं? मैं सम्मान का भूखा हूं और कुछ नहीं चाहिए।

पीड़ित महिला- आपकी बात ठीक है। रात का समय है। मेरे घरवाले मुझ पर शक करते हैं। रात में बात नहीं कर सकती।

पुलिस अफसर - कल कितने बजे टाइम निकालोगी?

पीड़ित महिला - दोपहर में।

पुलिस अफसर - दोपहर में किस टाइम पर बात करूं? तुम्हारे पति कितने समय ड्यूटी आते-जाते हैं?

पीड़ित महिला - 12 बजे मेरे पति ड्यूटी करने जाते हैं। रात को 12 बजे आते हैं, तो दोपहर में करना।

पुलिस अफसर - यार बउवा को लेकर घूमने चली आओ। दस मिनट के लिए मिलते हैं।

पीड़ित महिला - अंकल जी, ठीक नहीं लगता है। दोपहर में बउवा स्कूल जाता है।

पुलिस अफसर - अब मैं खुश हूं। मैं खुद घर आ जाता, पर लोग कहेंगे पुलिस वाला घर आया था।

पीड़ित महिला - बात ठीक है, पर मुझे आपसे मदद चाहिए और कुछ नहीं।

पुलिस अफसर - मैं तुम्हारी पूरी मदद करूंगा, मिल जाओ आकर।

पीड़ित महिला - मेरा पति मुझे पीटता है। मैं शादी से पहले जिस लड़के से बात करती थी। शादी के बाद फिर उससे बात करने लगी। एक दिन उसने वीडियो कॉल में बात की और उसे रिकॉर्ड कर लिया। फिर वह मिलने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने वीडियो पति को भेज दिया, जिस पर वह पीटते हैं।

पुलिस अफसर - मैं उसे डांट दूंगा। अगर दोबारा मारपीट करे, तो 112 पर फोन करना, बंद हो जाएगा। मैं समझा दूंगा। वैसे कौन जाति हो तुम?

पीड़ित महिला - मैंने दूसरे जाति के लड़के के साथ लव मैरिज की थी। पति शक में पीटता है। मुझे चोट भी लग गई है।

पुलिस अफसर - तुम मेरी बात सुनो, दवा ले लो। मैं खर्च के लिए पैसे दे दूंगा। पैसों की टेंशन तुम बिल्कुल मत लेना। मैं 12 बजे फोन करूंगा तुम्हें। तुम मुझे फोन मत करना, नहीं तो मेरे घर पर झगड़ा हो जाएगा।

पीड़ित महिला - आजकल किसी पर विश्वास नहीं किया जा सकता। मैं बहुत परेशान हूं। मेरे पति तलाक देने को कह रहे हैं। अब मै क्या करूं?

पुलिस अफसर - तुम्हारे पति को हम ठीक कर देंगे। तुम चक्कर में मत पड़ो, सुकून से रहो। किसी को फोन मत करो। मैं डांट दूंगा एक बार, तो सही हो जाएगा। तुमसे कुछ नहीं कहेगा।

पीड़ित महिला - मेरा पति कहता है कि पुलिस मेरा क्या कर लेगी?

पुलिस अफसर - मैं तेरी पूरी मदद करूंगा। मैं तुम्हारी तन, मन, धन से मदद करूंगा। तुम मेरे जैसा इंसान नहीं पाओगे, क्या मैं बुरा हूं?

पीड़ित महिला - मैंने ऐसा कुछ नहीं किया। हम आपको बुरा नहीं कह रहे।

पुलिस अफसर - खाने की तरह बात को पचाना पड़ता है, बात माननी चाहिए। हम कुछ ऐसा नहीं कह रहे। जब एक इंसान तुम्हारे साथ है तो सब भूल जाओ। मैं तुम्हारी मदद करूंगा।

पीड़ित महिला - हां ठीक है। मेरे पति उस लड़के को फोन करते हैं, जिससे मैं बात करती थी और मुझ पर शक करते हैं।

पुलिस अफसर - तो मैं दोस्ती मान लूं, अब हो गई दोस्ती। मैं अच्छा इंसान हूं। इंसान को भूख लगती है तो उसे खाना चाहिए।

पीड़ित महिला - आप हमसे बहुत बड़े हैं। खाना इंसान खाता है। आपकी बात गलत नहीं है। अंकल, आप मुझसे बहुत बड़े हैं उम्र में भी। जब मैं कुछ नहीं करती तब बदनाम हूं।

पुलिस अफसर - अगर तुम्हें कोई बदनाम करेगा तो मैं उसे सही कर दूंगा। मैं तेरी तन, मन, धन से मदद करूंगा। न मन हो तो कोई बात नहीं।

पीड़ित महिला - आपकी नजर कुछ और है। इसके बाद फोन कट जाता है।

मामला क्या है, अब इसे भी पढ़िए...

थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बीते दिनों थाने पहुंचकर शिकायत की थी। आरोप लगाया कि उसके पति उसके साथ मारपीट करते हैं। पुलिस को पीड़िता ने बताया था कि वह शादी से पहले एक युवक से बात किया करती थी। शादी के बाद उसका फोन आया तो वह फिर बात करने लगी। युवक ने उसे वीडियो कॉल किया। वह रोज उससे बात करने लगी। जिसका वीडियो युवक ने बना लिया और उसे मिलने के लिए ब्लैकमेल करने लगा। उसने जब मिलने से मना कर दिया तो वीडियो उसके पति को भेज दिया।

इसके बाद से पति उसके ऊपर शक करने लगा और फोन बिजी होने पर उसके साथ मारपीट करता था। जिसकी शिकायत उसने पुलिस से की तो पुलिस अफसर मदद करने की बजाए उसे फोन कर अश्लील बाते करने लगा।

दारोगा सस्पेंड 

डीसीपी अंकिता शर्मा के मुताबिक सोशल मीडिया के माध्यम से एक ऑडियो संज्ञान में आया है। जिसमें एक महिला से अभद्रता से बात कर रहा है। यह ऑडियो एसआई तेजवीर सिंह का है, जो साढ़ थाने में तैनात है। उन्हे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। इस प्रकरण की जांच एसीपी घाटमपुर को सौंप दी गई है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

'