Today Breaking News

गांधी जयंती की तैयारी में जुटा गाजीपुर जिला प्रशासन, सुबह 9:00 बजे हाेगा समारोह, DM ने दिया निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिनकी तैयारी में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया है कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर इस साल भी गांधी जयन्ती समारोह सम्मानपूर्वक आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

सभी कार्यालयों, विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं के किसी बड़े कक्ष या हाल में कार्यालयाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, संस्थान के प्रधानाचार्य या अध्यक्ष द्वारा प्रातः 09.00 बजे महात्मा गांधी के एक बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाए। उसके बाद गांधी जी के जीवन- संघर्ष, उनकी देश- सेवा, उनके जीवन - मूल्यों पर प्रकाश डाला जाए। विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण सम्बन्धी ‘‘ अन्तोदय‘‘ की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के सम्बन्ध में उनके विचारों का संक्षेप मे परिचय दिया जाए।

कहा कि ‘‘सादा जीवन उच्च विचार‘‘ मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा तथा सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी जाए। उन्हे यह भी समझाया जाए कि देश को कमजोर करने वाली शक्तियों से सावधान रहते हुए राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करना उनका पुनीत कर्तव्य है, जिसका संकल्प आज के दिन दोहराया जाना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयन्ती का समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न कराएं।

दौड़ प्रतियोगिता का आयोजनहोगा

गांधी जयंती के अवसर पर खेल निदेशालय उप्र लखनऊ से निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिला खेल कार्यालय नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम गाजीपुर के तत्वावधान में प्रातः 8ः00 बजे से बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़, बालिकाओं की 1500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में आयु प्रतिबन्धित नहीं है, कोई भी महिला, पुरूष खिलाड़ी इस दौड़ प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

'