Today Breaking News

गाजीपुर में गर्भवती विवाहिता की हत्या कर शव फेंके जाने मामले में परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गर्भवती विवाहिता की हत्या कर शव फेंके जाने के मामले में मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि मृतका का देवर इलाज के बहाने मृतका को मायके से अपने साथ ले गया था। जबकि दो दिन बाद उसका शव मिला। मामला गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र का है।

गाजीपुर जिले के कटघरा गांव के पास सोमवार की शाम धान के खेत में हत्याकर फेंका गया अनुप्रिया का शव मिला। मृतका के दोनों हाथ पीछे कपड़े से बंधे थे और गले में भी कपड़ा कसा हुआ था। सिर पर चोट के गंभीर निशान थे।

मोबारकपुर उचौरी निवासी अनुप्रिया की शादी पिछले साल दिसंबर में नंदगंज के सिहोरी निवासी विनोद राम के साथ हुई थी। पति पीडब्ल्यूडी में नौकरी करता है। अनप्रिया अपने पति के साथ कटघरा गांव में किराये के मकान में रहती थी। वह गर्भवती थी। देखभाल के लिए उसकी बहन पायल भी साथ रहती थी।

सौतेला देवर दवा दिलाने के बहाने ले गया था साथ

20 अक्टूबर को उसका सौतेला देवर उसे मायके से ले गया था और कटघरा रूम पर छोड़ दिया। छोटी बहन पायल ने बताया कि 21 अक्टूबर की शाम उसका देवर अभिषेक फिर उसके कटघरा रूम पर आया और दवा दिलाने का बहाना कर उसे अपने साथ ले गया। उसके बाद से ही उन दोनों का मोबाइल बंद बता रहा था।

दो दिनों तक अनुप्रिया का कोई पता नहीं चला तो सोमवार की सुबह उसके मायके के लोग थाना पहुंचे और देवर अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि शाम तक कटघरा गांव में विवाहिता का शव मिलने की सूचना मिली।

सीओ भुड़कुड़ा व एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली। मां संजू देवी व पिता जगदीश राम का रो-रोकर बुरा हाल था। मायके के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारने-पीटने का आरोप लगाया है। एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

'