Today Breaking News

राजनीति की एक दुर्घटना हैं ओमप्रकाश राजभर - जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और जमानियां क्षेत्र से मौजूदा विधायक ओमप्रकाश सिंह ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं पर जमकर सियासी हमला बोला। ओपी सिंह ने बीजेपी के साथ गठबंधन कर 2024 का चुनाव लड़ने का दावा करने वाले ओपी राजभर पर सियासी तंज किया। सिंह ने राजभर को राजनीति की एक दुर्घटना बताया। उन्‍होंने ओमप्रकाश राजभर को खुद और अपने बेटे तक ही सीमित राजनीति करने वाला नेता करार दिया।
गाज़ीपुर की जमानियां सीट से विधायक ओम प्रकाश सिंह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश सिंह भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों की नीतियों पर जमकर बरसे। एक सवाल के जवाब में कभी एसपी के पुराने साथी रहे ओमप्रकाश राजभर पर भी सियासी तंज किया। उन्होंने राजभर को राजनीति की एक दुर्घटना करार दिया। सिंह ने कहा कि ऐसे लोगों (ओपी राजभर) का राजनीति में कोई ज्यादा वजूद नहीं। ऐसे लोग राजनीति में आते हैं और चले जाते हैं। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर को खुद और अपने बेटे तक ही सीमित राजनीति करने वाला नेता करार दिया।

ओमप्रकाश सिंह ने प्रदेश में हो रही विकास योजनाओं की तुलना सपा शासन से करते हुए वर्तमान योजनाओं को नाकाफी बताया। भाजपा को राम और मंदिर के नाम पर समाज को बांटकर सत्ता में बने रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जितनी भी सामाजिक योजनाएं हैं उसे समाजवादी सरकार ने ही शुरू किया है। उन्होंने राम मंदिर के एक सवाल के जवाब में कहा कि राम सिर्फ मोदी और भाजपा के नहीं हैं। राम सबके हैं। राम को यही लोग (बीजेपी) नहीं लाए हैं। उन्होंने पैगंबर मुहम्मद साहब को भी सबका बताया है।
'