Today Breaking News

गाजीपुर के विकास खेलो इंडिया यूथ गेम के लिए चयनित, पिता बोले-पुत्र की इस उपलब्धि पर विश्वास नहीं हो रहा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई तहसील क्षेत्र के देवल गांव निवासी फुटबॉल खिलाड़ी विकास गुप्ता खेलो इंडिया यूथ गेम के लिए चयनित हो गए हैं। जिसके चलते क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विकास गुप्ता उत्तर प्रदेश टीम की तरफ से तमिलनाडु में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम में हिस्सा लेंगे।

गोपाल प्रसाद गुप्ता के पुत्र विकास गुप्ता शुरू से ही फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं। गांव की फील्ड पर इन्होंने एक से बढ़कर एक मैच खेल कर कई ग्रामीण प्रतियोगिताओं में टीम को जीत दिलाई है। मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले विकास, संसाधनों के अभाव में पले-बढ़े हैं। विकास ने बताया कि उत्तर प्रदेश के भीमराव अंबेडकर स्टेडियम फैजाबाद में खेलो इंडिया यूथ गेम के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। जिसमें इन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश टीम में अपना सिलेक्शन कराया।

पिता ने जताई खुशी

अब यह उत्तर प्रदेश टीम के तरफ से खेलते हुए तमिलनाडु में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम में हिस्सा लेंगे। उनके इस चयन से क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। चयन की सूचना मिलते ही उनके मित्र व स्वजनों में उत्साह का माहौल है। वहीं उनके पिता गोपाल प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पुत्र की इस उपलब्धि पर उन्हें विश्वास नहीं हो पा रहा है। वह गदगद हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे ग्रामीण अंचलों में भी खिलाड़ियों में खेल की प्रतिभा भरी हुई है, बस जरूरत है तो उसे सही दिशा देने की। अगर ग्रामीण खिलाड़ियों को भी अच्छे संसाधन और कोच की देखरेख में अभ्यास कराया जाए तो निश्चित तौर पर वह देश और प्रदेश स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे, जो देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।

'