Today Breaking News

Ghazipur Weather Update: पछुआ बेदर्दी ग़ाज़ीपुर में लाई पहाड़ों वाली सर्दी, अभी तो और होगा बुरा हाल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पश्चिमोत्तर के पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ अब चुभने लगी है। गलन भरी ठंड से कंपकपी छूट रही है। पारा लगातार गिर रहा है, जिसके चलते शहर कोल्ड-डे की कैद में आ गया है। कड़ाके की ठंड की वायुमंडलीय परिस्थितियां बनी हुई है, इसलिए इसे झेलने के लिए तैयार रहना होगा।
मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान औसत से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अगर बीते कुछ दिनों के अधिकतम तापमान का विश्लेषण किया जाए तो उसमें प्रतिदिन गिरावट दर्ज की गई है।
तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा
बीते चार दिन में अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा है। इसमें तीन डिग्री की गिरावट महज 24 घंटे में हुई है। तापमान की गिरावट की वजह पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी है, जो पूर्वी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रही है।
पछुवा हवा पहाड़ों की ठंड को पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचा रही है और लगातार पारा गिरा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक अधिकतम तापमान के 15 से 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
सुबह से दोपहर तक चल रही पुरुआ हवा के चलते कोहरा भी बना रहेगा। खुलकर धूप निकलने की बहुत कम संभावना है। यदि धूप निकलेगी भी तो बेदम सी और वह भी कुछ देर के लिए।
'