Today Breaking News

आज रात से बदल जाएगा मौसम, होगी झमाझम बारिश; ओले भी गिरेंगे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में आज रात से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 29 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी होने वाली है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की बात करें तो यहां कल से बारिश होगी।
पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश और मराठवाड़ा में ओले भी गिरे। 
मौसम विभाग ने बताया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 29 फरवरी की रात से मौसम में असर पड़ने वाला है। वहीं, मैदानी इलाकों में एक मार्च से तीन मार्च तक बारिश होगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में एक और दो मार्च को हल्की से मध्यम बारिश होने जा रही है। 
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख में एक और दो मार्च को भारी बरसात होगी। इसके अलावा, बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी एक और दो मार्च को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पंजाब में दो मार्च को तेज बरसात होने वाली है।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब में एक और दो मार्च, पश्चिमी राजस्थान में एक और उत्तराखंड, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में दो मार्च को ओले गिरने की आशंका जताई गई है। एक और दो मार्च को उत्तर भारत में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है।
'