Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम, इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञानियों ने गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी दी है। इसके साथ ही सतही तेज हवा चलने के भी आसार बन रहे हैं। बारिश भी हो सकती है। मौसम में बदलाव की ये स्थिति पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड और लखनऊ सहित कई अन्‍य जिलों में बन रही है। 
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अरब सागर में आने वाली नमी के चलते यह बदलाव देखने को मिल सकता है। 31 मार्च को मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ बिजली भी गिर सकती है। सावधानी बरतने की जरूरत है। जिन जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका है उनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, ललितपुर, झांसी, महोबा, कानपुर देहात, जौनपुर, गाजीपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, मिर्जापुर और चंदौली शामिल हैं। 

मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। तीखी धूप के साथ ही तपिश का हमला तेज हो गया है। नतीजतन शनिवार को दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। जिसकी वजह से प्रयागराज सूबे में सबसे गर्म शहर बन गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 24 घंटे में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही तेज हवा चलने की संभावना है।

शनिवार को दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। जैसे-जैसे समय बीता धूप के साथ तपिश भी बढ़ती गई। घर से बाहर निकलने पर चेहरे पर आंच महसूस होने लगी। दोपहर में बाजारों में भीड़ कम हो गई। घरों में एसी, कूलर चालू हो गए हैं। तेज धूप की वजह से दिन का तापमान एक दिन पहले के 39.7 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री उछाल के साथ 40.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सूबे में सबसे अधिक और मार्च महीने के औसत 36.4 डिग्री से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। प्रदेश में 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा दूसरे स्थान पर और 40.3 डिग्री के साथ झांसी तीसरे स्थान पर रहा। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही तेज हवा के चलने के आसार हैं।
'